बिजली मीटर रीडिंग को लेकर विवाद
अमरोहा में कर्मचारी के रिश्तेदार को पीटा, पुलिस ने दो आरोपी को पकड़ा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा जिले के रहरा थाना क्षेत्र के गांव भावली में बिजली मीटर रीडिंग के दौरान हुए विवाद में एक व्यक्ति की पिटाई का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।घटना 8 सितंबर की है। मनोज नाम का बिजली कर्मी अपने साथी ओमप्रकाश और मोहित कुमार के साथ गांव में मीटर रीडिंग ले रहा था। राजेश, प्रीतम और उमेश के घर पर रीडिंग को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ता हुआ डॉक्टर राजेंद्र की दुकान तक पहुंच गया।इसी दौरान मनोज के रिश्तेदार कोशिंदर भी वहां आ गए। कोशिंदर ने जब आरोपियों को गाली-गलौज से रोका तो आरोपियों ने उनके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। आरोपियों ने कोशिंदर पर ईंट, पत्थर, लात-घूंसे और लाठियों से हमला कर दिया। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।रहरा थाने के अध्यक्ष अतवीर सिंह ने बताया कि कोशिंदर की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।


