गोड्डा
एक स्पष्ट लक्ष्य होने से आपके प्रयासों को एक सही दिशा मिलती है : अंजली यादव

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। महिला कालेज में स्थापना दिवस धुमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर कालेज में कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए। बताया गया कि महिला कालेज के 42वां स्थापना दिवस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन डीसी अंजली यादव, कॉलेज सचिव प्रो. चन्द्रिका प्रसाद यादव एंव प्रभारी प्राचार्या डॉ सुमन लता ने किया। दौरान छात्राओं ने भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। अवसर पर डीसी ने महाविद्यालय परिसर में पौधा को लगाया। बतौर मुख्य अतिथि डीसी अंजली यादव ने कहा कि सिर्फ डिग्री हासिल करने से सफलता नहीं मिलती है, बल्कि सफलता पाने के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करना और फिर उन लक्ष्यों को पाने के लिए सही दिशा में कड़ी मेहनत करना बहुत ज़रूरी है। बिना योजना और सही दिशा के की गई मेहनत अक्सर व्यर्थ हो जाती है। जबकि सही लक्ष्य के साथ की गई मेहनत व्यक्ति को सफलता के करीब ले जाती है। सबसे पहले यह जानना ज़रूरी है कि आप क्या हासिल करना चाहते हैं। एक स्पष्ट लक्ष्य होने से आपके प्रयासों को एक सही दिशा मिलती है। सही दिशा में मेहनत ही काफी नहीं है। अगर आपकी मेहनत गलत दिशा में हो रही है, तो उसका परिणाम नहीं मिलेगा. अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए एक योजना बनाना आवश्यक है। योजना बनाने से आप अपने काम को व्यवस्थित कर पाते हैं। सफलता एक दिन में नहीं मिलती, इसके लिए धैर्य और लगातार प्रयास की ज़रूरत होती है। मेहनत के साथ-साथ अपने कौशल को बढ़ाना और खुद पर विश्वास रखना भी सफलता का मूल मंत्र है। अपने काम और उसके परिणामों का समय-समय पर मूल्यांकन करना भी ज़रूरी है, ताकि आप अपनी रणनीति को सुधार सकें।
प्रभारी प्राचार्या ने कहा कि 42 वर्ष पूर्व इस महाविद्यालय के स्थापना की परिकल्पना गोड्डा जिला के प्रथम उपायुक्त व अनुमंडल पदाधिकारी ने किया था। उन्होंने महिलाओं की उच्चतर शिक्षा व्यवस्था के लिए महिला कॉलेज, गोड्डा की परिकल्पना की थी कालेज अपने स्थापनाकाल से लगातार लड़कियों के शिक्षा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि छात्राएं प्रतिदिन महाविद्यालय आकर यहां के शिक्षकों से ज्ञानार्जन हासिल करके आसमान की नई बुलंदी को छुए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विभा राय ने किया। मौके पर डॉ.सीमा प्रवीण, डॉ. साबरा, प्रो. विन्दु कुमारी, प्रो सुधीर कुमार, प्रो. दिनेश यादव, डॉ. विपीन बिहारी, डॉ. संजू सिंह, डॉ. संगीता कुमारी, सुधी वत्स, ललन झा, प्रियंक, निलेश, शिकक्षकेत्तर कर्मचारी एंव छात्राएं मौजूद थी।




