रामपुर शाहबाद
टैंकर की टक्कर में मोटरसाइकिल सवार की मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुर शाहबाद। गुरुवार को शाहबाद- बिलारी स्टेट हाइवे पर चौधराना के पास शाहबाद की ओर से जा रहे इंडियन ऑयल के टैंकर ने सामने से आ रहे बाइक सवार सुरजीत सिंह(40) निवासी मोहल्ला मंगोली को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सुरजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। टैंकर चालक वाहन को सड़क पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही रोते बिलखते पहुंचे परिजन सड़क पर ही बैठ गए। जिससे मार्ग में लंबा जाम लग गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और सड़क पर लगा जाम खुलवाया। तब जाकर आवागमन सुचारू हो पाया। मिली जानकारी के अनुसार सुरजीत सिंह पुताई का काम कर राणा शुगर मिल की तरफ से अपने गांव मंगोली लौट रहे थे। सुरजीत सिंह अपने पीछे चार लड़कियां और एक लड़का छोड़ गए।




