शामली
समाजवादी पार्टी के सिख सम्मेलन में अखिलेश यादव का सरदार लुक,
2027 में कैबिनेट में सिख प्रतिनिधित्व का वादा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना : समाजवादी पार्टी ने लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में सिख सम्मेलन का आयोजन किया, जिसमें प्रदेशभर से सिख समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस सम्मेलन का उद्देश्य सिख समाज की राजनीतिक, सामाजिक एवं आर्थिक भागीदारी को मजबूत करना और आने वाले समय में उन्हें उचित प्रतिनिधित्व दिलाना था। सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष सहित तमाम वरिष्ठ नेताओं ने सिख समाज को समाजवादी विचारधारा से जोड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पश्चिम उत्तर प्रदेश के शामली जिले के चौसाना के सुंदर नगर निवासी वार्ड 6 से जिला पंचायत के उम्मीदवार सरदार नवाब सिंह पूर्व चेयरमैन, मास्टर करणजीत सिंह दुभेड़ी खुर्द वार्ड 7 से जिला पंचायत के भावी उम्मीदवार , भगवान सिंह, वीर सिंह सहित दर्जनों साथी पहुंचे और अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सम्मेलन के दौरान अखिलेश यादव ने विशेष तौर पर सरदार नवाब सिंह चेयरमैन को अपने पास बुलाकर उनसे बातचीत की और उन्हें आश्वस्त किया कि समाजवादी पार्टी सिख समाज को पूरा सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है।
अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में जब समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी, तो सिख समाज को प्रतिनिधित्व देते हुए कैबिनेट में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिख समाज ने हमेशा देश और समाज के लिए त्याग और बलिदान दिया है, इसलिए उनकी भागीदारी राजनीति में भी बढ़ाई जाएगी।इस दौरान सिख समुदाय ने अखिलेश यादव को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया, जिससे वे सरदार लुक में नजर आए। उन्होंने सिखों की बहादुरी और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि सपा सरकार बनने पर सिख समाज में खुशहाली आएगी।
सिख सम्मेलन में मौजूद लोगों ने समाजवादी पार्टी के इस भरोसे का स्वागत किया और बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़ने का आश्वासन दिया। सम्मेलन ने सिख समाज में एक नई ऊर्जा और विश्वास पैदा किया है, जो आने वाले चुनावों में पार्टी के लिए एक बड़ी ताकत साबित हो सकता है


