जतरा टांड़ परिसर में नव निर्मित अखरा का शुभारम्भ
Inauguration of the newly constructed Akhara in Jatra Tand premises
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो
लातेहार (झा०खं०)। जिला के बारियातू प्रखणड अंतर्गत इटके ग्राम स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के समीप शुक्रवार को जतरा टांड़ परिसर में नव निर्मित अखरा का शुभारंभ किया गया। मौके पर पंचायत की मुखिया शांति देवी, पंसस मोहम्मद होजैफा, वार्ड सदस्य काशीनाथ उरांव, समाजसेवी ललिता देवी, विशेश्वर उरांव उर्फ भगना उरांव, आंगनबाड़ी सेविका शक्लमनी देवी,राजदेव उरांव, वकील उरांव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और नारियल फोड़कर उद्घाटन किया। मुखिया शांति देवी ने बताया कि पूर्वजों के समय से जतरा अखरा समाजसेवी विशुनदेव उरांव के घर के समीप स्थित था। लेकिन जनसंख्या बढ़ने और चारों ओर मकान बन जाने से अखरा स्थल का क्षेत्रफल काफी कम हो गया था। इस कारण जिउतिया, करमा समेत अन्य पर्वों पर नृत्य-संगीत और मांदर बजाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि आगामी जिउतिया जतरा पर्व को देखते हुए आदिवासी समाज की एक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अखरा का आयोजन अब जतरा टांड़ परिसर में किया जाएगा। इसी निर्णय के आलोक में शुक्रवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। इस मौके पर आदिवासी समाज के महिला पुरुष के अलावा कई गणमान्य उपस्थित रहे।



