अमरोहा
पितृ विसर्जन अमावस्या पर दिल्ली हाईवे पर रूट डायवर्जन
20 सितंबर रात 10 बजे से 24 घंटे तक भारी वाहनों का आवागमन बंद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा में दिल्ली हाईवे पर पितृ विसर्जन अमावस्या के मौके पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। 20 सितंबर रात 10 बजे से 21 सितंबर रात 10 बजे तक भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।दौरान ट्रक, डंपर-ट्राॅला, डीसीएम, कैंटर, ट्रैक्टर-ट्रॉली, पिकअप, टाटा मैजिक और मिनी कैंटर वैकल्पिक मार्गों से गुजरेंगे। रोडवेज बस और कार जैसे छोटे वाहनों को हाईवे से गुजरने की अनुमति रहेगी।सीओ अंजलि कटारिया के अनुसार, 21 सितंबर को पितृ विसर्जन अमावस्या पर लाखों श्रद्धालु ब्रजघाट और तिगरी गंगा घाट पर गंगा में स्नान और पितरों का तर्पण करेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यह व्यवस्था की गई है।
वैकल्पिक मार्ग इस प्रकार हैं:
दिल्ली-गाजियाबाद से मुरादाबाद जाने वाले वाहन लाल कुआं से दादरी, बुलंदशहर, डिबाई, नरौरा, बबराला और बहजोई होकर जाएंगे। मुरादाबाद से दिल्ली जाने वाले वाहन संभल, बहजोई, बबराला, नरौरा और बुलंदशहर के रास्ते जाएंगे। बाढ़ के कारण बिजनौर बैराज की तरफ वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
बिजनौर से अमरोहा जाने वाले वाहन चांदपुर और नूरपुर होकर जाएंगे। धनौरा से दिल्ली जाने वाले वाहनों को गजरौला चौपला से हसनपुर, रहरा, गवां, अनूपशहर और बुलंदशहर होकर भेजा जाएगा।


