गोड्डा
पथरगामा में आक्रोश प्रदर्शन, सूर्या हांसदा की हत्या की सीबीआई जांच की मांग- अमित मंडल पूर्व (विधायक)

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा :- भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश के आह्वान पर बुधवार को गोड्डा जिला भाजपा द्वारा पथरगामा प्रखंड मुख्यालय पर जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व गोड्डा के पूर्व विधायक अमित मंडल ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च किया और राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन बीडीओ को सौंपा। प्रदर्शन का प्रमुख उद्देश्य सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता सूर्या हांसदा की हत्या की सीबीआई जांच कराने तथा नगड़ी के रैयत किसानों की भूमि उन्हें वापस दिलाने की मांग को लेकर राज्य सरकार का ध्यान आकर्षित करना था। पूर्व विधायक अमित मंडल ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि, “हेमंत सोरेन की सरकार पूरी तरह से संवेदनहीन, भ्रष्ट और निकम्मी हो चुकी है। राज्य की विधि व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। अपराधी, माफिया और दलाल पूरे सरकारी तंत्र पर हावी हैं। इनका विरोध करने वालों को झूठे मुकदमों, धमकियों और यहां तक कि हत्या जैसी अमानवीय सजा भुगतनी पड़ रही है।”उन्होंने आगे कहा कि हाल ही में गोड्डा जिले के एक प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता की पुलिस द्वारा एनकाउंटर के नाम पर नृशंस हत्या कर दी गई। “जिन्हें अपराधी बताया जा रहा है, वे लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव लड़ चुके थे और समाज सेवा में सक्रिय थे। वे 250 से अधिक गरीब आदिवासी बच्चों को शिक्षा और आवास मुहैया कराते थे तथा अवैध खनन और तस्करी के खिलाफ आवाज उठाते थे।”प्रदर्शन के दौरान राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन के माध्यम से भाजपा ने सूर्या हांसदा की हत्या की निष्पक्ष CBI जांच कराई जाए । रांची के नगड़ी क्षेत्र में रिम्स-2 परियोजना के नाम पर किसानों से छीनी जा रही जमीन को उन्हें वापस दिलाया जाए। राज्य सरकार को कानून-व्यवस्था सुधारने हेतु निर्देशित किया जाए आदि मांग कि है। विधायक अमित मंडल ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन और तेज किया जाएगा । मौके पर भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें जिला महामंत्री राजेश टेकरीवाल, प्रखंड महामंत्री मुनीलाल भगत, संजय झा, चुन्ना भगत, नरसिंह भगत, सुबोध भगत, मधु सिंह, सोनू कुमार भगत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे ।




