गोड्डा

अतिक्रमण हटाने के बाद दुकानदारों का छलका दर्द

 नगर पंचायत अध्यक्ष प्रबोध सोरेन पहुंचे बसुआ चौक 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
डिग्री कॉलेज से बसुआ चौक तक प्रभावित दुकानदारों से की मुलाकात
 गरीबों की परेशानी को नहीं किया जाएगा नजर अंदाज
महागामा : महागामा डिग्री कॉलेज से लेकर बसुआ चौक तक चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद गुरुवार को इलाके का माहौल भावुक हो गया। कार्रवाई से प्रभावित दुकानदारों का दर्द उस समय खुलकर सामने आया, जब नगर पंचायत अध्यक्ष प्रबोध सोरेन स्वयं बाजार पहुंचे और दुकानदारों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनने लगे। बसुआ चौक में कई दुकानदारों ने अपनी टूटी दुकानों और बिखरे सामान के बीच नगर पंचायत अध्यक्ष को अपनी परेशानियां बताईं। किसी ने वर्षों की मेहनत उजड़ने की बात कही तो किसी ने परिवार के भरण-पोषण पर संकट खड़ा होने की चिंता जताई। दुकानदारों की आंखों में मायूसी और भविष्य को लेकर डर साफ दिखाई दे रहा था। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रबोध सोरेन ने दुकानदारों का हाल-चाल लेते हुए उनकी बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्रवाई अपनी जगह जरूरी है, लेकिन छोटे और गरीब दुकानदारों की पीड़ा को अनदेखा नहीं किया जा सकता। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर पंचायत प्रभावित लोगों की समस्याओं को अधिकारियों तक पहुंचाएगी और मानवीय आधार पर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बसुआ चौक क्षेत्र में कई जगहों पर सन्नाटा पसरा रहा। वर्षों से सड़क किनारे छोटी-छोटी दुकानें लगाकर परिवार चलाने वाले लोगों के सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। दुकानदारों ने वैकल्पिक व्यवस्था की मांग उठाते हुए कहा कि बिना पुनर्वास के ऐसी कार्रवाई गरीबों के लिए बड़ी परेशानी बन जाती है।इस दौरान बसुआ चौक में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। लोगों ने नगर पंचायत अध्यक्ष से दुकानदारों के लिए स्थायी समाधान निकालने की मांग की। वहीं कई दुकानदारों ने उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा और उन्हें दोबारा रोजगार का अवसर मिल सकेगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button