ललितपुर
राष्ट्रीय युवा दिवस पर मिलेगा प्रधानमंत्री जी के समक्ष विचार रखने का अवसर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर । मेरा युवा भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से “विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज़” का आयोजन किया जा रहा है । यह क्विज़ मेरा युवा भारत पोर्टल पर 15 अक्टूबर 2025 तक उपलब्ध रहेगा । इस प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को अपने विचार प्रकट करने, राष्ट्र निर्माण की दिशा में योगदान करने तथा भविष्य के भारत की कल्पना को सामने रखने का अवसर मिलेगा । विजेता प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को राष्ट्रीय युवा दिवस (12 जनवरी 2026) को नई दिल्ली में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी से संवाद करने एवं अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त होगा ।यह प्रतियोगिता देशभर के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिये निःशुल्क है तथा इसे भारत की 12 प्रमुख भाषाओं में हल किया जा सकता है । प्रतियोगिता में प्रथम 10,000 विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे ।जनपद ललितपुर के युवाओं से अपील की जाती है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस क्विज़ में प्रतिभाग करें और भारत के भविष्य निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ ।
(अनवर वारसी)
उप निदेशक
मेरा युवा भारत, ललितपुर (उ.प्र.)


