बेतुल
बैतूल भीमपुर में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का हुआ शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भीमपुर। ब्लॉक मुख्यालय भीमपुर में बुधवार, 17 सितंबर को स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आगाज ब्लॉक अध्यक्ष भैयालाल कापसे के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत भीमपुर के सीईओ नान्हेंसिंग चौहान, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक निगवाल और ब्लॉक प्रोग्राम ऑफिसर तिवारी मोरले विशेष रूप से मौजूद रहे।
अभियान की शुरुआत में अधिकारियों ने बताया कि इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना, परिवार के सभी सदस्यों को स्वास्थ्य के प्रति सजग करना और नियमित जांच की आदत डालना है। भैयालाल कापसे ने उपस्थित ग्रामीणों से अपील की कि वे इस अभियान का लाभ लें और महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें।
सीईओ नान्हेंसिंग चौहान ने कहा कि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार की आधारशिला होती है। डॉ. दीपक निगवाल ने बताया कि अभियान के दौरान महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की जाएगी, आवश्यक परामर्श दिया जाएगा और कुपोषण जैसी समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। ब्लॉक प्रोग्राम ऑफिसर तिवारी मोरले ने ग्रामीणों को जानकारी दी कि यह अभियान पूरे ब्लॉक में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। ग्रामीणों ने अभियान के लिए अधिकारियों और ब्लॉक अध्यक्ष का आभार जताया और सक्रिय भागीदारी का आश्वासन दिया।


