अमरोहा
महिला सुरक्षा को मजबूत करने की पहल
सीएम ने मिशन शक्ति फेज-5.0 का किया शुभारंभ, अमरोहा में नवरात्रि तक चलेगा अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोक भवन से मिशन शक्ति फेज-5.0 का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण अमरोहा की पुलिस लाइन और जनपद के सभी थानों पर किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, महिलाएं और स्कूली छात्राएं मौजूद रहीं। अमरोहा में एसपी अमित कुमार आनंद ने लोगों को मिशन शक्ति के बारे में जानकारी दी। यह मिशन प्रदेश की महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता का अवसर देने के लिए शुरू किया गया है। इसके तहत महिला संबंधित अपराधों की रोकथाम, पुलिस सहायता और कानूनी जागरूकता पर ध्यान दिया जाएगा।अमरोहा में मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत 22 सितंबर से 21 अक्टूबर 2025 तक विशेष अभियान चलेगा। इस दौरान महिला हेल्पलाइन का प्रचार किया जाएगा। स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम होंगे। महिला बीट पुलिसकर्मी ‘शक्ति दीदी’ पहल के तहत काम करेंगी। साइबर अपराध से बचाव और महिला सुरक्षा कानूनों की जानकारी दी जाएगी। पुलिस सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और धार्मिक आयोजनों में गश्त करेगी। पिंक बूथ, एंटी रोमियो स्क्वॉड और हेल्प डेस्क सक्रिय रहेंगे। इससे महिलाएं बिना डर के अपने कार्य कर सकेंगी। यह अभियान महिलाओं की सुरक्षा के साथ-साथ उनके सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



