
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा की तहसील हसनपुर के स्थित पूठ गंगा धाम पर पितृपक्ष अमावस्या के अवसर पर हजारों श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर अपने पितरों की शांति के लिए विधिपूर्वक पूजा-पाठ, तर्पण और पिंडदान किया। क्षेत्र के आसपास के गांवों और नगरों से लोग अपने परिवारों के साथ गंगा धाम पहुंचे। हिंदू धर्म में पितृपक्ष अमावस्या का विशेष महत्व है। शास्त्रों के अनुसार, इस दिन पिंडदान, तर्पण और गंगा स्नान से पितरों की आत्मा को शांति मिलती है। जो लोग अपने पितरों की मृत्यु तिथि नहीं जानते, वे भी इस दिन श्राद्ध करते हैं। इसे अश्विन अमावस्या और सर्व पितृ अमावस्या भी कहा जाता है। हसनपुर तहसील क्षेत्र के गंगा नगर गंगा घाट, दियावली खालसा गंगा घाट और पौरारा गंगा घाट पर भी श्रद्धालुओं ने स्नान और दान-पुण्य किया। घाटों पर सुरक्षा और सफाई व्यवस्था के इंतजाम किए गए थे। मान्यता है कि इस दिन किए गए दान से पितरों को मोक्ष की प्राप्ति होती है। गंगानगर घाट पर स्थित पुल पर भारी जाम की स्थिति बनी रही, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।



