सफाई कर्मियों ने की बैठक -डी पी आर ओ के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। जिले के सफाई कर्मी डी पी आर ओ और ड्यूटी लगाने वाले सहायक विकास अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी में हैं। रविवार को लोदी बाबा आश्रम में हुई बैठक में आंदोलन की रणनीति पर चर्चा हुई।
जिले में तैनात सफाई कर्मियों से बहुउद्देशीय कर्मियों की तरह काम लिया जा रहा है।ए डी ओ पंचायत मोबाइल पर मनमानी ड्यूटी लगाते हैं और लिखित आदेश नहीं करते। ड्यूटी पीरियड के बाद छुट्टा जानवरों को पकड़ने के लिए ड्यूटी लगा दी जाती है। अंधेरे में एक दर्जन से अधिक सफाई कर्मी दुर्घटना के शिकार हो चुके हैं। जिला अध्यक्ष राम अंजोर प्रजापति ने कहा कि शासन की ओर से जारी आदेश में गोवंश संरक्षण में पंचायती राज विभाग के कर्मियों के साथ लेखपालों और पंचायत सचिवों की भी ड्यूटी लगाई गई है। गोवंश संरक्षित करने में कोई साथ नहीं देता, ड्यूटी के नाम पर सिर्फ सफाई कर्मियों का उत्पीडन किया जा रहा है ।महामंत्री सुनील कुमार मौर्य ने सफाई कर्मियों के पद नाम परिवर्तन के सम्बन्ध में कमेटी की रिपोर्ट लागू कराने और सेवा नियमावली को लागू करने के सम्बन्ध में प्रांतीय नेतृत्व की कार्ययोजना के बारे में बातचीत की। बैठक को जिला संगठन मंत्री राम तीर्थ मौर्य, ब्लाक अध्यक्ष त्रिभुवन दत्त,राम बली गौतम,मनोराम यादव, शत्रुघ्न कुमार,दीपक कुमार, पिंटू वर्मा, बद्री प्रसाद यादव,जीत लाल मौर्य, हनुमान प्रसाद आदि ने संबोधित किया।

