बरेली
बरेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2 तस्कर गिरफ्तार, 3 फरार

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने छापेमारी कर दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया, जबकि तीन आरोपी मौके से फरार हो गए।गिरफ्तार आरोपियों के पास से 900 ग्राम अफीम, 200 ग्राम अवैध स्मैक और 3.5 किलो पाउडर बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने एक मोटरसाइकिल, 94 हजार रूपये, एक स्कूटी और 5 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजिद और रेहान के रूप में हुई है। वहीं, नन्हे, रोहित और आरिफ नामक आरोपी फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश जारी है।पकड़े गए तस्करों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं। पुलिस का कहना है कि इनका एक संगठित नेटवर्क है, जो बरेली के अलावा झारखंड व अन्य जगह तक फैला हुआ है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।


