बरेली

अधूरे पुल के नए डिजाइन को मिली मंजूरी, अब बजट का इंतजार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। फरीदपुर के खल्लपुर में रामगंगा नदी पर बने अधूरे पुल के निर्माण कार्य को गति मिलने की उम्मीद है। इस पुल के रिवाइज 162 करोड़ रुपये के एस्टीमेट की मंजूरी मिल गई है। अब लोक निर्माण विभाग बजट की प्रतीक्षा कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार, अक्टूबर माह में बजट मिलने की संभावना है। इसके बाद पुल की एप्रोच रोड का निर्माण कार्य पूरा किया जा सकेगा। गौरतलब है कि 24 नवंबर 2024 को इस अधूरे पुल से एक कार गिर गई थी। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद शासन स्तर पर जांच शुरू की गई और आईआईटी रुड़की के अभियंताओं से मॉडल स्टडी कराई गई। इसके बाद पुल की लंबाई 150 मीटर बढ़ाने के लिए सेतु निगम ने 45 करोड़ रुपये और लोक निर्माण विभाग ने 117 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया था। लोक निर्माण विभाग ने जून माह में एस्टीमेट को मुख्यालय भेजा, लेकिन उस पर आपत्ति लगाते हुए सेतु निगम का एस्टीमेट निर्धारित प्रारूप पर रिवाइज करके भेजने के निर्देश दिए गए। रिवाइज एस्टीमेट में सेतु निगम का प्रस्ताव घटकर 43 करोड़ रह गया था, जबकि पीडब्ल्यूडी के एस्टीमेट में कोई बदलाव नहीं किया गया था। लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता अजय कुमार ने बताया कि शासन स्तर से 162 करोड़ के एस्टीमेट का तकनीकी मूल्यांकन कर लिया गया है। अब बजट की प्रतीक्षा है। बजट मिलते ही पुल के निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए काम शुरू कर दिया जाएगा। पुल के निर्माण से फरीदपुर और बदायूं के दातागंज के बीच आवागमन आसान हो जाएगा और क्षेत्र के हजारों लोगों को काफी लाभ होगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button