हापुड़ में जाति शब्दों पर ट्रैफिक का ‘चलान ब्रेकर’
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
उत्तर प्रदेश सरकार के सख्त निर्देशों पर अमल करते हुए हापुड़ की यातायात पुलिस ने वाहनों पर जाति सूचक शब्दों के खिलाफ जोरदार अभियान चलाया। शहर की प्रमुख सड़कों पर चेकिंग के दौरान दर्जन भर से अधिक वाहनों पर कार्रवाई की गई, जिसमें चालान काटे गए और कुछ मामलों में वाहन सीज करने की चेतावनी दी गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेशानुसार यह अभियान सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में ट्रैफिक टीम ने ‘जाट’, ‘गुर्जर’, ‘चौधरी’ जैसे शब्दों वाले वाहनों को निशाना बनाया। कई वाहन मालिकों ने तुरंत स्टीकर्स हटाए। यह मुहिम पूरे जिले में जारी रहेगी, ताकि सड़कें जाति-विहीन और सुरक्षित रहें।
हापुड़ में ततारपुर गोल चक्कर और अतरपुरा चौराहे जैसे प्रमुख स्थानों पर वाहनों की जांच की गई और जाति सूचक शब्द लिखे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। यातायात प्रभारी छवि सिंह ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य वाहन चालकों को जागरूक करना और जातिगत भेदभाव को खत्म करना है।



