गाजियाबाद
गुलाब वाटिका लोनी में श्रीराम बारात का भव्य आयोजन, सजीव झांकियों ने मोहा मन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी। श्री नव धार्मिक रामलीला कमेडी के तत्वावधान में गुरुवार को भव्य श्रीराम बारात का आयोजन किया गया। बारात रामलीला मैदान से बड़े धूमधाम के साथ प्रारंभ हुई और कालोनी की विभिन्न गलियों से होते हुए पुनः रामलीला मैदान में पहुँची। गुलाब वाटिका कालोनी में राम नाम के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
बारात में आकर्षक बैंड-बाजों की धुन, डीजे पर बजते भजनों और भक्ति गीतों ने माहौल को उल्लासमय बना दिया। बारात में रथ पर सवार भगवान श्रीराम, माता सीता, भाई लक्ष्मण और हनुमान जी की झांकियां मुख्य आकर्षण रहीं। इसके अलावा भरत-मिलाप, केवट प्रसंग, शबरी माता प्रसंग, राम वनगमन और राम राज्याभिषेक की जीवंत झांकियों ने लोगों को ऐसा अनुभव कराया मानो इतिहास पुनः सजीव हो उठा हो।
झांकियों में भगवान हनुमान द्वारा संजीवनी पर्वत ले जाने का दृश्य, लंका दहन, और राम-रावण युद्ध की भव्य झांकी ने लोगों का ध्यान खींचा। बच्चों के लिए विशेष झांकी “बाल राम-सीता” और “हनुमान लंका कूदते हुए” भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
बारात को देखने के लिए आस-पास की कालोनियों से भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाओं ने मंगल गीत गाकर और पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया। पूरे मार्ग पर सुंदर रंगोली, तोरण द्वार और रोशनी की विशेष सजावट की गई थी।जगह जगह जलपान की व्यवस्था थी
कार्यक्रम के अंत में रामलीला मैदान में राम-सीता का जयमाला कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसके बाद आतिशबाजी के साथ बारात का भव्य स्वागत किया गया



