
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पुलिस ने हटवाए पोस्टर , एक युवक को हिरासत में लिया गया …
क्षेत्र में बढ़ाई गई पुलिस गश्त…
हापुड़ (यूपी) – हापुड़ जिले के थाना कपूरपुर और धौलाना थाना क्षेत्र में ” आई लव मोहम्मद ” लिखे पोस्टर लगाने से स्थानीय पुलिस और लोगों में अफरातफरी मच गई। यह पोस्टर अचानक सड़क किनारे लगे होर्डिंग्स पर दिखने लगे ।जिसके बाद कपूरपुर थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और फिर पुलिस ने इन पोस्टरों को हटवाया । यूपी के कई जिलों में इस तरह के पोस्टरों से फैले सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए हापुड पुलिस अब हाई अलर्ट मोड़ पर आ गई है।
आपको बता दें कि बृहस्पतिवार को थाना कपूरपुर क्षेत्र के गांव बझेड़ा कला व धौलाना थाना क्षेत्र के गांव देहरा में अचानक ही सुबह सड़क किनारे आई लव मोहम्मद के होर्डिंग दिखाई देने लगे । सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि पुलिस के समझाने पर ग्रामीणों ने स्वयं ही पोस्टर उतार लिए । यह पोस्टर विवाद यूपी के ही जनपद कानपुर से शुरू हुआ था और कई अन्य जिलों में फैल गया था। पोस्टर लगाने वाले एक युवक आसिफ निवासी ग्राम कपूरपुर को हिरासत में लिया गया जबकि अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।
दरअसल, कानपुर जिले में चार सितंबर 2025 को रामनवमी शोभायात्रा के दौरान आई लव मोहम्मद के होर्डिंग सड़क पर नजर आने लगे थे । कुछ लोगों ने इसे नई परंपरा बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद बिना अनुमति जुलूस निकालने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में कानपुर में 25 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज हुई। इसके बाद यूपी के कई अन्य जिलों में भी यह विवाद फैल गया।
थाना कपूरपुर क्षेत्र निवासी एड. आदिल ने फोन पर जानकारी देते हुए बताया कि किसी ने सड़क किनारे आई लव यू मोहम्मद के पोस्टर होर्डिंग पर लगा दिए थे । कपूरपुर थाना प्रभारी मेरे भाई आसिफ को ले गए हैं और थाने में बैठा रखा है , कोई स्पष्ट जानकारी भी नहीं दे रहे हैं । पुलिस ने मेरे भाई को अवैध हिरासत में रखा हुआ है । पोस्टर भी हटा दिया गया है ।
हापुड़ के एसपी ज्ञानंजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पड़ोसी कई जिलों में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने फ्लैग मार्च और गश्त तेज कर दी है। सभी से शांति बनाए रखने की अपील की है। संदिग्धों की पहचान की जा रही है।


