अमेठी

सीडीओ ने किया बीएसए ऑफिस का औचक निरीक्षण

अव्यवस्थाओं के बीच मिली कई

कर्मचारी अनुपस्थित, सभी से मांगा गया स्पष्टीकरण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

अमेठी। मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालय में अव्यवस्थाएं पाई गईं, कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जिसके बाद सीडीओ ने स्पष्टीकरण मांगने और तत्काल सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय कुमार तिवारी कार्यालय में उपस्थित थे। हालांकि, अधिकांश कर्मचारियों ने न तो आईडी कार्ड पहन रखे थे और न ही अपने पटल पर नाम पट्टिका लगाई थी। कुल छह जिला समन्वयकों में से केवल दो ही कार्यालय में मौजूद पाए गए। जबकि चार अनुपस्थित थे। इस संबंध में बीएसए ने बताया कि अनुपस्थित समन्वयक विद्यालयों के निरीक्षण के लिए क्षेत्र में गए थे। निरीक्षण के दौरान अलमारियों पर न तो अभिलेखों का विवरण अंकित था और न ही दस्तावेज सुव्यवस्थित ढंग से रखे गए थे। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।
सीडीओ पटेल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि सभी पाई गई कमियों को तत्काल प्रभाव से दूर किया जाए और इसकी सूचना समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अनुपस्थित पाए गए जिला समन्वयकों से साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण प्राप्त करने के भी आदेश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी कर्मचारी अनिवार्य रूप से आईडी कार्ड धारण करें तथा पटल पर नाम पट्टिका लगाना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारियों के क्षेत्र भ्रमण का विवरण प्रतिदिन भ्रमण पंजिका में अंकित हो और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा उसका नियमित अवलोकन एवं सत्यापन किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी ने अंत में कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग की सभी योजनाओं का लाभ शासनादेश में निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप पात्र लाभार्थियों तक पहुँचना चाहिए। जनपद में संचालित सभी विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्राप्त हो, यह सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button