उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की मांग पर गंभीर नहीं है वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी। जिले में परिषदीय विद्यालयों में तैनात पुराने शिक्षकों को जी पी एफ की धनराशि की जानकारी नहीं है।जी पी एफ से ऋण की प्रक्रिया आनलाइन कर दी गई है, परंतु उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की ओर से पिछले दो सालों से लगातार मांग के बावजूद शिक्षकों को लेखा पर्चियां जारी नहीं की जा रही है।जी पी एफ की धनराशि को आनलाइन करने की संगठन की मांग पर वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय गंभीर नहीं है। अमेठी जनपद के गठन के पहले जिले के शिक्षकों की जी पी एफ की धनराशि सुल्तानपुर और रायबरेली लेखाधिकारी कार्यालय में थी।इस धनराशि को वापस लाने के लिए जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ को लम्बा संघर्ष करना पड़ा है। रायबरेली का ब्याज का पैसा अभी भी अमेठी के शिक्षकों को वापस नहीं मिल पाया है।
जिले में परिषदीय विद्यालयों की संख्या 4600के आसपास है।इन विद्यालयों में 2004तक नियुक्त शिक्षक पुरानी पेंशन स्कीम में शामिल हैं।इन शिक्षकों को जी पी एफ की धनराशि के बारे में स्पष्ट जानकारी पिछले दस सालों से नहीं मिल पा रही है।
उच्च प्राथमिक विद्यालय गुंवावा के स अ और उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जयराम कनौजिया ने बताया कि शासन की ओर से जी पी एफ से ऋण प्राप्त करने के लिए आनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू की गई है। आनलाइन आवेदन का फार्म भरते समय जी पी एफ की कुल धनराशि और खाते का उल्लेख करना आवश्यक होता है।लेखा पर्चियां न मिलने के कारण शिक्षकों को खासी परेशानी हो रही है। शिक्षक कृष्ण कुमार पाठक को जी पी एफ से 420000/-रु का ऋण स्वीकृत किया जा चुका है। भुगतान अभी तक नहीं हुआ है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय में लेखाधिकारी को लेकर आधा दर्जन स्टाफ काम कर रहा है। फिर भी लेखा पर्चियां जारी करने का काम अभी तक शुरू नहीं हो पाया है।
जी पी एफ की धनराशि को आनलाइन करने और लेखा पर्चियां जारी करने की मांग संगठन दो साल से कर रहा है।इस मामले में जानबूझकर ढिलाई की जा रही है। दशहरा के अवकाश के बाद जिला कार्यसमिति की बैठक में इस मुद्दे के साथ अन्य सभी समस्याओं पर गंभीरतापूर्वक विचार कर रणनीति तय की जाएगी। शायद वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय को एक और सत्याग्रह का इंतजार है।
अब्दुल रसीद
जिला अध्यक्ष
उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ अमेठी
अभी मैं मुख्यालय से बाहर हूं।जी पी एफ से ऋण लेने में कोई समस्या नहीं है। लेखा पर्ची मिल जाएगी।इस सम्बन्ध में दशहरा पर्व के बाद ही सही जानकारी दे सकता हूं।
किशन गुप्ता
वित्त एवं लेखाधिकारी, अमेठी



