बागपत
विशेष साक्षात्कार
डॉ. देवपाल सिंह (Ph.D. Agronomy, निवासी – आदर्श नंगला, वार्ड नं. 7 से जिला पंचायत सदस्य पद के भावी प्रत्याशी)

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
प्रश्न 1 : डॉ. साहब, वार्ड नं. 7 से चुनाव लड़ने का आपका मुख्य उद्देश्य क्या है?
डॉ. देवपाल सिंह : मेरा उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना है। मैं इस समय श्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, छपरौली (बागपत) में शिक्षक के रूप में कार्यरत हूँ और कुछ ही दिनों में रिटायरमेंट होने जा रहा है। मैंने सोचा कि अब जीवन के शेष वर्षों को जनसेवा को समर्पित करना चाहिए। लंबे समय से मैं क्षेत्र की समस्याएँ सुन रहा हूँ—कभी टूटी सड़कें, कभी गंदे नाले, कभी बिजली-पानी की दिक्कत। अब मैंने ठाना है कि इन समस्याओं का हल निकालना ही मेरी राजनीति का असली मकसद होगा।
प्रश्न 2 : आपके अनुसार वार्ड नं. 7 की सबसे अहम समस्या कौन-सी है?
डॉ. देवपाल सिंह : यहाँ रोजगार की कमी और युवाओं का पलायन बड़ी चुनौती है। इसके अलावा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार बहुत जरूरी है। मेरा सपना है कि “आदर्श नंगला” नाम की तरह यह वार्ड भी सचमुच आदर्श बने।
प्रश्न 3 : आपकी प्रेरणा और पारिवारिक पृष्ठभूमि के बारे में कुछ बताइए।
डॉ. देवपाल सिंह : सेवा और नेतृत्व की प्रेरणा मुझे अपने परिवार से मिली। मेरे दादा जी आशा राम गांव के सबसे पहले प्रधान रहे और उन्होंने ग्राम विकास की नींव रखी। उसके बाद मेरे पिताजी यशपाल सिंह D.A.V. इंटर कॉलेज, किशनपुर बिराल में प्रधानाचार्य के पद पर रहे। वे भी एक पंचवर्षीय योजना के दौरान ग्राम प्रधान पद पर आसीन रहे। यही परंपरा और समाज सेवा की ललक मुझे राजनीति में आने की दिशा दिखाती है।
प्रश्न 4 : अगर जनता आप पर भरोसा जताती है, तो आपकी प्राथमिकताएँ क्या होंगी?
डॉ. देवपाल सिंह : मेरा वादा है—झूठे सपने नहीं, केवल सच्ची कोशिशें। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार मेरे चार स्तंभ होंगे। हर समस्या का समाधान खोजने के लिए मैं व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार रहूँगा।
प्रश्न 5 : नवरात्र और त्योहारों के इस अवसर पर आप क्षेत्रवासियों से क्या कहना चाहेंगे?
डॉ. देवपाल सिंह : माँ दुर्गा की कृपा से हर घर में सुख-शांति और खुशहाली बनी रहे। मैं कामना करता हूँ कि आने वाला समय सबके लिए सकारात्मक और विकासमयी हो।
इस साक्षात्कार से स्पष्ट है कि डॉ. देवपाल सिंह राजनीति को सेवा का माध्यम मानते हैं। पारिवारिक परंपरा, शिक्षा जगत का अनुभव और समाज सेवा की सोच उन्हें वार्ड नं. 7 को आदर्श मॉडल के रूप में विकसित करने की मजबूत प्रेरणा देती है।
संवाददाता – सुरेंद्र मलानिया



