उपायुक्त ने पाकुड़िया प्रखण्ड में दुर्गापूजा पंडालों का लिया जायजा, दिये सख्त निर्देश
Deputy Commissioner inspected Durga Puja pandals in Pakuria block and issued strict instructions.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के युवा और कर्मठ उपायुक्त मनीष कुमार ने पाकुड़िया प्रखण्ड के विभिन्न दुर्गापूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा का आशीर्वाद लिया तथा पूजा समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से मिलकर आवश्यक दिशा- निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पंडाल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उपायुक्त ने विशेष रूप से स्वच्छता, अग्निशमन की तैयारी, विद्युत व्यवस्था, मेडिकल टीम की तैनाती तथा ट्रैफिक प्रबंधन की भी समीक्षा की। उन्होंने पूजा समितियों से अपील की कि वे स्वच्छता, नशा मुक्ति, रक्तदान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, एवं सामाजिक जागरूकता जैसे संदेशों को भी पंडालों में शामिल करें, ताकि यह पर्व समाज को सही दिशा देने का माध्यम बन सके। उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने कहा कि दुर्गापूजा केवल आस्था और भक्ति का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक भी है। सामूहिक प्रयासों से ही इसे सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकरणीय बनाया जा सकता है। अंत में उपायुक्त ने जिलेवासियों को महानवमी एवं विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और मां दुर्गा से जिले की शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।



