अमरोहा
अपहरण और दुष्कर्म के दोषी युवक को सात साल की कैद
अमरोहा की कोर्ट ने 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा की एक विशेष अदालत ने अपहरण के बाद किशोरी से दुष्कर्म करने के मामले में झोलाछाप डॉक्टर शमीम को सात साल की कैद की सजा सुनाई है। इसके साथ ही उस पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
मामला नौगावां सादात थाना क्षेत्र के एक गांव का है। इस गांव में मुरादाबाद जनपद के कांठ थानाक्षेत्र के गांव रवतापुर नवादा निवासी शमीम गांव में क्लिनिक चलाता था। झोलाछाप शमीम ने गांव के ही किसान की नाबालिग बेटी को प्रेमजाल में फंसा लिया था। 11 जुलाई 2019 को शमीम ने किशोरी को बहलाकर प्रयागराज ले गया।
वहीं, स्वजन ने इस मामले में शमीम के विरुद्ध अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। तलाशी के दौरान किसान को पता चला कि शमीम उसकी बेटी को ले गया है। किसान ने जब शमीम के घर जाकर बेटी के बारे में जानकारी की तो स्वजन ने गाली गलौज की तथा जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया था। बाद में किसान व उनके स्वजन ने शमीम को प्रयागराज हाईकोर्ट के गेट से पकड़ लिया और नाबालिग बेटी को भी बरामद कर लिया था।
उधर, हंगामा होने पर प्रयागराज पुलिस आ गई थी। शमीम ने अपने अपहरण करने की बात कहकर किशोरी के पिता समेत छह लोगों के विरुद्ध प्रयागराज के कैंट थाने में अपहरण के प्रयास के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करा दी थी। लिहाजा कैंट पुलिस ने किसान समेत छह लोगों को जेल भेज दिया था। जबकि कैंट पुलिस ने नौगावां सादात पुलिस से संपर्क कर किशोरी को उसके सुपुर्द कर दिया था।




