बरेली
जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में घुसी कार टला बड़ा हादसा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। जिला अस्पताल में रविवार सुबह अचानक पुलिस के एक कार ड्राइवर ने मरीजों की जान को आफत में डाल दिया। सिपाही तेज रफ्तार कार इमरजेंसी वार्ड के गेट पर लेकर घुस गया। गनीमत रही कि कोई तीमारदार या मरीज कार की चपेट में नहीं आया। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। मामला रविवार सुबह करीब आठ बजे का बताया जा रहा है। जिला अस्पताल में मौजूद चश्मदीदों के मुताबिक एक तेज रफ्तार कार जिला अस्पताल के मुख्य द्वार से अंदर दाखिल हुई। अस्पताल में आने के बावजूद कार की रफ्तार को चालक ने धीमा नहीं किया। कार लेकर वह इमरजेंसी वार्ड की तरफ आया और सीधा वार्ड के गेट के आगे लगे पोल में जा घुसा। एक पल के लिए तो अस्पताल में मौजूद हर किसी की सांसे अटक गईं। कार रुकी तो किसी तरह जान में जान आई।



