झुंझुनू

देश के विभिन्न ज्वलंत मुद्दों को लेकर हुआ बैठक का आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
झुंझुनूं सूरजगढ़। राष्ट्रीय साहित्यिक, सांस्कृतिक व सामाजिक संस्थान आदर्श समाज समिति इंडिया के कार्यालय सूरजगढ़ में देश के विभिन्न ज्वलंत मुद्दों व समस्याओं को लेकर सरपंच मंजू तंवर की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मौजूद लोगों ने देश की ज्वलंत समस्याओं और सामाजिक बुराइयों पर गहनता से चर्चा की। हमारे देश में सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक, सांस्कृतिक आदि अनेक समस्याएं विद्यमान हैं। सरकार व राजनीतिक पार्टियां अपनी उपलब्धियों का चाहे जितना बखान करें, सच ये है कि आम आदमी की मुसीबतें एवं तकलीफें दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। शासन व प्रशासन में दिन प्रतिदिन बढ़ रहा भ्रष्टाचार और राजनीति में अपराधीकरण देश की मुख्य समस्याओं में से एक है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही सरपंच मंजू तंवर ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, कालाबाजारी, अन्याय व अत्याचार तथा व्यापक गरीबी, सामाजिक व आर्थिक असमानता, पर्यावरणीय प्रदूषण, संप्रदायवाद,जातिवाद, सड़क दुर्घटनाएं देश में तेजी से बढ़ रही प्रमुख समस्याएं हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य व शैक्षिक सेवाओं में सुधार की आवश्यकता है। राजकीय भूमि पर अतिक्रमण व पेड़ों की कटाई भी चिंता का विषय है। वनों की कटाई की वजह से जंगली जानवर गांवों की तरफ रुख कर रहे हैं, जिस वजह से आए दिन अनहोनी घटनाएं घटित हो रही हैं। आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गाँधी, शिक्षाविद् व सामाजिक कार्यकर्ता मनजीत सिंह तंवर और जगदेव सिंह खरड़िया ने भी सभा को संबोधित करते हुए समाज में व्याप्त कुरीतियों और बुराइयों को मिटाने पर जोर दिया। बैठक में केंद्र सरकार द्वारा सेना में अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया को गलत ठहराते हुए विरोध किया। सरकार देश के युवाओं के भविष्य के साथ जो खिलवाड़ कर रही है, यह किसी भी कीमत पर बर्दाश्त करने योग्य नहीं है। भारत युवाओं का देश है, युवा ही देश का भविष्य हैं और वर्तमान में सरकार युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेलने का कार्य कर रही है। सरकार विकास के चाहे जितने दावे करे, शिक्षा और रोजगार के बिना कोई भी व्यक्ति ज्यादा समय तक स्वतंत्र नहीं रह सकता है। सरकार को गंभीर समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए और उनका निस्तारण करना चाहिए। देश में काफी लंबे समय से किसान आंदोलन हो रहे हैं लेकिन सरकार किसानों की समस्याओं पर भी कोई ध्यान नहीं दे रही है। हम सरकार को ज्ञापन व पत्र के माध्यम से देश के विभिन्न ज्वलंत मुद्दों के बारे में अवगत करवाएंगे। अगर सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया तो हम राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन खड़ा करेंगे। हम युवाओं और देश के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं करने देंगे। देश की ज्वलंत समस्याओं को लेकर सरपंच मंजू तंवर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल राज्य के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री से मुलाकात करेगा। इस अवसर पर उप-सरपंच राकेश कुमार, समाजसेवी इंद्र सिंह शिल्ला, वीर तेजाजी विकास संस्थान के अध्यक्ष जगदेव सिंह खरड़िया, शिक्षाविद् राजपाल सिंह फौगाट, शिवदान सिंह भालोठिया, हरिराम सोनी, धर्मपाल गांधी, मनजीत सिंह तंवर, बाबूलाल बडगूजर, चंद्रवीर बुडानिया, राजकुमार सोनी, विनोद सोनी, कंचन सोनी, सुनील गांधी, मीना देवी, अंजू गांधी, राहुल सोनी, दरिया सिंह डीके आदि अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन मनजीत सिंह तंवर ने किया। धर्मपाल गाँधी ने सभी का आभार व्यक्त किया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button