गाजियाबाद

लोनी में बारिश के चलते फैक्ट्री की दीवार ढही

महिला और बच्चा गंभीर रूप से घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी (गाजियाबाद): शाम से हो रही तेज बारिश ने लोनी क्षेत्र में तबाही मचा दी है। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के आर्य नगर कॉलोनी में सोमवार देर रात एक फैक्ट्री की दीवार अचानक ढह गई, जिसके कारण बराबर में बने मकान की छत क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में घर में सो रही फिरोज की पत्नी और उसका डेढ़ साल का बच्चा उज्जैफ गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस समय हादसा हुआ, उस वक्त फिरोज अहमद नामक व्यक्ति अपने परिवार के साथ घर में ही मौजूद था। बारिश और तेज हवाओं के कारण पास स्थित एक फैक्ट्री की पुरानी दीवार अचानक गिर गई और सीधे फिरोज अहमद के मकान की छत पर आ गिरी। छत पर दीवार गिरने की जोरदार आवाज के  कारण आस-पड़ोस के लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए और जैसे ही उन्हें घटना की जानकारी मिली वह राहत कार्य में जुट गए सूचना मिलते ही लोनी बॉर्डर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से मलबे से बाहर निकालकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। महिला और बच्चे की हालत फ़िलहाल गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि फैक्ट्री की दीवार काफी पुरानी थी और बारिश के चलते उसकी नींव कमजोर हो गई थी। लोगों ने कई बार फैक्ट्री प्रबंधन को दीवार की मरम्मत कराने की चेतावनी दी थी, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई तेज बारिश के कारण लोनी और आसपास के इलाकों में पहले से ही जलभराव और जाम की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में यह हादसा लोगों के लिए और अधिक परेशानी लेकर आया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पुरानी फैक्ट्रियों की सुरक्षा जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button