ललितपुर
स्वच्छता ही सेवा अभियान द्वारा विद्यालय में नदियों के संरक्षण का संदेश
सैकड़ों विद्यार्थियों ने एक सुर में ली गंगा संरक्षण की शपथ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत जिला गंगा समिति द्वारा किसान इंटर कॉलेज बिरधा में छात्रों को गंगा और उसकी सहायक नदियों की स्वच्छता के प्रति जागरूक और संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नदियों की स्वच्छता पर परिचर्चा में छात्रों ने बढ़-चढ़कर अपने विचार रखे। छात्रों ने नदियों में बढ़ रहे प्रदूषण, इसके दुष्परिणामों और इसे रोकने के संभावित उपायों पर गहन चर्चा की। परियोजना अधिकारी जिला गंगा समिति केतन दुबे ने नमामि गंगे परियोजना से जुड़ी जानकारियां छात्रों से साझा की। जिला गंगा समिति सदस्य ने छात्रों का जनपद की नदियों से परिचय कराया। इसके बाद नदी स्वच्छता और संरक्षण विषय पर चित्रकला का आयोजन किया गया। छात्रों ने अपनी कल्पना के रंगों से कागज पर स्वच्छ नदियों के चित्रों के माध्यम से अपनी भावनाओं को व्यक्त किया। कार्यक्रम के अगले चरण में गंगा क्विज से छात्रों को नदियों के महत्व, उनके प्रदूषण के कारणों और उन्हें साफ रखने के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। गंगा शपथ के दौरान सैकड़ों छात्रों ने एक सुर में नदियों में कचरा, प्लास्टिक न बहाने की शपथ ली। अंत में प्रधानाचार्य डा.के.पी.बुन्देला ने कहा कि छात्र हमारे भविष्य हैं। उनमें अभी से स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना हमारा उद्देश्य है। इस दौरान अध्यापक नितिन शर्मा, जीवन लाल साहू, अजय प्रताप सिंह, दामोदर प्रजापति, मोहित जैन, अंजलि मिश्रा, जीतेन्द्र राजपूत आदि मौजूद रहे।