
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। विगत माह पथरगामा बाजार स्थित एक गैरेज से चोरी हुई मारुति स्विफ्ट कार की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी की गई कार समेत कुल तीन वाहन बरामद किए गए हैं। उक्त जानकारी एसडीपीओ अशोक प्रियदर्शी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दिया है। उन्होंने बताया कि पथरगामा थाना कांड संख्या 150/25 के तहत दर्ज वाहन चोरी कांड के अनुसंधान एवं वाहन बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। इस क्रम में पुलिस अधीक्षक गोड्डा के निर्देश पर 9 अक्टूबर 2025 की सुबह 4:05 बजे गोड्डा-महागामा हाईवे स्थित तेलनी मोड़ के समीप वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था।वाहन जांच के दौरान सुबह करीब 5:30 बजे महागामा की ओर से आ रही अलुमिनियम रंग की मारुति स्विफ्ट (संख्या BR 06BH-7339) को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की। तत्परता दिखाते हुए पुलिस बल ने वाहन को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
जांच में पता चला कि यह वही कार है जो पथरगामा बाजार से चोरी की गई थी। पूछताछ में वाहन सवार दोनों युवकों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मिलकर उक्त गाड़ी को चोरी किया था और रंग बदलकर नकली नंबर प्लेट लगाई थी। पूछताछ के क्रम में उनके सहयोगी दो अन्य अपराधियों के नाम का भी खुलासा हुआ, जिन्हें बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने वाहन अलुमिनियम रंग की मारुति स्विफ्ट कार (संख्या BR 06BH-7339), सुगापंखी रंग की स्पार्क एलएस कार (संख्या WB 20-3481), होंडा एसपी मोटरसाइकिल (संख्या BR 11AD-9466) को बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार प्रीतम कुमार, पिता गंगा मालदार, साकिन बारकोप, थाना पथरगामा, जिला गोड्डा, विक्रम कुमार दास, पिता सतीश रविदास, साकिन चानन, थाना जिरवाबाड़ी, जिला साहेबगंज, लक्ष्मण मड़ैया, पिता झूलन मड़ैया, साकिन बभनिया, थाना ठाकुरगंगटी, गोड्डा, तेतर कुमार दास, पिता कामेश्वर रविदास, साकिन माधुरी सिवानपुर, थाना इशीपुर, जिला भागलपुर (बिहार) को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, प्रीतम कुमार के विरुद्ध पथरगामा थाना में कई मामले दर्ज हैं, जिनमें कांड संख्या 11/24, 143/21, 184/21, 150/25 शामिल हैं। साथ ही वह गोराडीह थाना (भागलपुर) में दारू मामले में जेल जा चुका है।
विक्रम दास के विरुद्ध बोरियो थाना कांड संख्या 164/23 धारा 414 भा.दं.वि. एवं 25(1-बी)ए/26 आर्म्स एक्ट दर्ज है। जबकि
लक्ष्मण मड़ैया के विरुद्ध महागामा थाना में आर्म्स एक्ट एवं ठाकुरगंगटी थाना कांड संख्या 11/22 धारा 363/366ए/34/376(2)(एन) भा.दं.वि. एवं पॉक्सो एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं।
इस मामले में पथरगामा थाना कांड संख्या 161/25 दिनांक 9.10.2025 धारा 317(5)/341(1)/3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है। छापेमारी दल में थाना प्रभारी मनोहर कुमार, सहायक अवर निरीक्षक गौरव कुमार यादव, भरत यादव सहित पथरगामा थाना पुलिस बल शामिल थे। मौके पर पुलिस निरीक्षक विष्णुदेव चौधरी, थाना प्रभारी मनोहर कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।



