गोड्डा
करनू के ग्रामीणों ने ऊर्जा नगर में किया रोड जाम
ईसीएल पर बिजली काटने का आरोप, घंटों ठप रहा यातायात

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। महागामा प्रखंड अंतर्गत ऊर्जा नगर स्थित जेनरल मैनेजर आवास गोलचक्कर के पास बृहस्पतिवार को करनू पंचायत के सैकड़ों ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) प्रबंधन द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के उनके गांव की बिजली आपूर्ति काट दी गई। जिससे क्षेत्र के लोग अंधेरे में जीने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आक्रोश सुबह से ही उबाल पर था। देखते ही देखते बड़ी संख्या में -पुरुष, युवा और बुजुर्ग ऊर्जा नगर पहुंचे और जीएम आवास के मुख्य द्वार पर सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। नाराज लोगों ने “बिजली दो, न्याय दो” और “ईसीएल प्रबंधन होश में आओ” जैसे नारे लगाए। करीब दो घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय प्रशासन को स्थिति संभालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सूचना मिलते ही महागामा थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया कि मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया है और जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी। आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि कई दिनों से करनू और आसपास के इलाकों में बिजली नहीं है। बच्चों की पढ़ाई, किसानों के काम और घरेलू जीवन सब प्रभावित हैं। बार-बार शिकायत करने पर भी कोई सुनवाई नहीं हो रही, इसलिए मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर ईसीएल और बिजली विभाग ने जल्द बिजली बहाल नहीं की, तो वे अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। प्रशासन की पहल और आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और रोड जाम हटाया गया। देर शाम तक स्थिति सामान्य हो गई। सूत्रों के मुताबिक, जिला प्रशासन ने बिजली विभाग और ईसीएल प्रबंधन से रिपोर्ट तलब की है और समस्या का समाधान शीघ्र करने के निर्देश दिए हैं। मौके पर ग्रामीण दिलीप मंडल, अजय मंडल, अरुण मंडल, प्रकाश मंडल, विवास यादव, पिंटू यादव, काशी यादव, विजय यादव, महादेव कुंवर, श्रीजन कुंवर, दिलीप सिंह, नेपाली मंडल, सुभाष टुडू, भीम कुमार मंडल आदि उपस्थित थे।



