सिंगरौली
प्रेम प्रसंग में युवक ने सुसाइड नोट लिखकर की आत्महत्या, कार्रवाई की उठी मांग
शव कोतवाली में रखकर परिजनों ने किया हंगामा, लगाए गंभीर आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 39 ग्राम बलियरी में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहाँ 20 वर्षीय युवक ने सीलिंग फैन में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक युवक की पहचान प्रेम शाह पिता स्वर्गीय राजेश शाह, उम्र लगभग 20 वर्ष, निवासी ग्राम बलियरी के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात प्रेम शाह ने अपने घर में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही बैढ़न पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया परिजनों ने इस आत्महत्या के पीछे एक युवती और उसके साथी पर गंभीर आरोप लगाए।
परिजनों के अनुसार, प्रेम शाह का कुछ समय से एक लड़की के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच कई दिनों तक नजदीकियां बनी रहीं। लेकिन बाद में वह युवती किसी दूसरे युवक के संपर्क में आ गई और उससे संबंध बनाने लगी। आरोप है कि इसके बाद युवती और उसका नया बॉयफ्रेंड मिलकर प्रेम शाह को ब्लैकमेल करने लगे और उससे पैसों की मांग करने लगे। परिजनों का कहना है कि युवती द्वारा मृतक को झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी जा रही थी, जिससे वह काफी मानसिक तनाव में था। इसी तनाव के चलते उसने सुसाइड नोट लिखकर आत्महत्या करने का कदम उठा लिया।
घटना के बाद गुस्साए परिजनो ने युवक के शव को बैढ़न कोतवाली लेकर पहुंचे और थाने में हंगामा किया। उन्होंने आरोपी युवती व उसके साथी पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी ने परिजनों को आश्वासन दिया कि मामले की गहन जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सुसाइड नोट को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, परिजनों के आश्वासन मिलने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव ले जाया गया। इस घटना ने एक बार फिर प्रेम प्रसंग में होने वाली मानसिक प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है, और जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।




