अमरोहा
अमरोहा में ठेकेदार-चालक मौत केस की जांच बदली
परिजनों की नाराजगी के बाद इंस्पेक्टर क्राइम से विवेचना वापस ली

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के मंडी धनौरा सर्किल क्षेत्र के गजरौला थाना क्षेत्र में सिंचाई विभाग के ठेकेदार देव ऋषि उर्फ दीपक और उनके चालक इंद्रपाल की मौत के मामले की जांच इंस्पेक्टर क्राइम से वापस ले ली गई है। अब इस प्रकरण की विवेचना थाना प्रभारी मनोज कुमार करेंगे। यह फैसला परिजनों की नाराजगी के बाद लिया गया है।ठेकेदार देव ऋषि, जो गजरौला के शुक्लपुरी मोहल्ला निवासी थे, और उनके चालक इंद्रपाल, जो चौबारा गांव के रहने वाले थे, के शव 29 मई की सुबह ठेकेदार के अवंतिका नगर स्थित कार्यालय के बरामदे में मिले थे। इस घटना को करीब साढ़े तीन महीने बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक मामले का खुलासा नहीं कर पाई है।
ठेकेदार के पिता सेवानिवृत्त शिक्षक अतरपाल सिंह, बहन हेमलता और पत्नी रेखा रानी ने कई बार एसपी अमित कुमार आनंद से मिलकर खुलासे की मांग की थी। परिजनों ने पुलिस को कुछ अहम सुराग भी दिए थे, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस ने उन सुरागों पर काम नहीं किया, जिससे मामले का रहस्य बना हुआ है। परिजनों की लगातार नाराजगी के चलते एसपी ने ठेकेदार और चालक की मौत की विवेचना इंस्पेक्टर क्राइम अमरपाल सिंह से लेकर थाना प्रभारी मनोज कुमार को सौंप दी है। धनौरा सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि परिजन क्राइम इंस्पेक्टर द्वारा की जा रही जांच से संतुष्ट नहीं थे, जिसके कारण विवेचना में बदलाव किया गया है।



