अमरोहा
अमरोहा डाकघर में सिपाही-पत्नी से मारपीट
बच्चे का आधार कार्ड बनवाने को लेकर विवाद, परिजनों ने DM से शिकायत की

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा जनपद के मुख्य डाकघर में बच्चे का आधार कार्ड बनवाने गए एक सिपाही और उसकी पत्नी के साथ कथित तौर पर मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पीड़ित सिपाही की पत्नी ने परिजनों और ग्रामीणों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और डाकघर के पोस्ट मास्टर व गार्ड की गिरफ्तारी तथा बर्खास्तगी की मांग की।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह पूरा मामला अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र के मुख्य डाकघर का है। दो दिन पहले नौगावां सादात इलाके के कोराल गांव निवासी सिपाही शुभम त्यागी अपनी पत्नी और बच्चे के साथ बच्चे का आधार कार्ड बनवाने पहुंचे थे।
आरोप है कि डाकघर में तैनात कर्मचारियों ने उन्हें फॉर्म देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद सिपाही और डाकघर कर्मियों के बीच कहासुनी हो गई। कहासुनी के दौरान सिपाही ने डाकघर कर्मियों का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि इसी बीच डाकघर कर्मियों ने सिपाही का फोन छीन लिया। इसके बाद गार्ड लटूर सिंह और पोस्ट मास्टर अमित यादव ने कथित तौर पर सिपाही के साथ मारपीट की।
पुलिस ने पोस्ट मास्टर और गार्ड पर दर्ज किया मुकदमा
बीच-बचाव करने आई पत्नी के साथ भी मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। सिपाही की पत्नी ने फोन छीनने, मारपीट और फायरिंग करने का भी आरोप लगाया था।घटना के बाद सिपाही की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपी गार्ड और पोस्ट मास्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। सोमवार को पीड़ित सिपाही की पत्नी ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनकी सेवा से बर्खास्तगी की मांग दोहराई।


