
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
संग्रामपुर-अमेठी। स्थानीय थाना क्षेत्र के विशेषरगंज बाजार में बिना लाइसेंस संचालित एक मेडिकल स्टोर को औषधि विभाग की टीम ने सील कर दिया।औषधि निरीक्षक कमलेश मिश्र के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान स्टोर से 73 प्रकार की दवाएं जब्त की गईं। जिनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹62 हजार बताई जा रही है। इसके अलावा दो दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।जांच के दौरान टीम ने पाया गया कि मेडिकल स्टोर पर बिना वैध लाइसेंस के दवाओं की बिक्री की जा रही थी। टीम द्वारा मांगे जाने पर स्टोर संचालक लाइसेंस और दवा आपूर्ति से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। औषधि निरीक्षक ने बताया कि यह कार्रवाई आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायत के आधार पर की गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, रिपोर्ट आने के बाद स्टोर संचालक के खिलाफ औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।विभागीय टीम ने चेतावनी दी है कि जिले में बिना लाइसेंस दवा बिक्री करने वालों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।
औषधि निरीक्षक ने कहा कि बिना लाइसेंस मेडिकल स्टोर से दवाओं की बिक्री जनता की सेहत के लिए गंभीर खतरा है। जिले में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है ताकि असुरक्षित और नकली दवाओं की बिक्री को रोका जा सके।

