गाजियाबाद
बिना बरसात सड़क पर पानी, गड्ढों में फंसे वाहन
पाभी सादकपुर-ट्रोनिका सिटी मार्ग पर लगा भीषण जाम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी : गाजियाबाद के पाभी सादकपुर और ट्रोनिका सिटी थाने के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब बिना बरसात के ही सड़क पर नाले का पानी भर गया। पानी भरने और सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण त्योहारों पर घरों से निकले लोगों को भारी जाम का सामना करना पड़ा।
नाले के पानी व टुटी सड़क के कारण दो वाहन पलटे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क के बीचोबीच बने गड्ढों में पानी भर जाने से कई वाहन चालक स्थिति का अंदाजा नहीं लगा पाए। अचानक गड्ढों में गिरने से दो वाहन पलट गए, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद मौके पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और ट्रैफिक ठप हो गया।
घंटों तक लोग फंसे रहे जाम में
त्योहारों के चलते बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से बाजारों या रिश्तेदारों के यहां जा रहे थे, लेकिन जाम के कारण उन्हें घंटों तक सड़क पर फंसे रहना पड़ा। कई दोपहिया वाहन चालकों ने वैकल्पिक रास्ते से निकलने की कोशिश की, मगर जगह-जगह पानी भर जाने के कारण वह भी असफल रहे।
ट्रैफिक पुलिस की तैनाती न होने से बढ़ी समस्या
स्थानीय लोगों कहा है कि लोनी बॉर्डर, लोनी पुस्ता चौकी और लोनी तिराहे जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी अब लगातार लगनी चाहिए। पुलिस ना होने से जाम की स्थित बन जायेगी। स्थानीय लोगों ने चेताया है कि यदि आगामी दिनों में त्योहारों को ध्यान में रखते हुए यहां पर्याप्त ट्रैफिक पुलिस नहीं लगाई गई, तो रोजाना जाम की स्थिति बनेगी और लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पाएंगे।
स्थानीय लोगों की नाराजगी
राहगीरों और आस-पास के निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि नाले के पानी की निकासी और सड़क की मरम्मत तत्काल कराई जाए। उनका कहना है कि यह मार्ग लोनी, ट्रोनिका सिटी और गाजियाबाद के बीच आवागमन का प्रमुख रास्ता है, जिस पर प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि आगामी दिनों में दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्यौहारों के चलते सड़क पर भीड़ और बढ़ेगी, इसलिए प्रशासन को अभी से ट्रैफिक व्यवस्था और सड़क की मरम्मत पर ध्यान देना चाहिए ताकि आम जनता को परेशानी से बचाया जा सके।




