उपायुक्त ने त्यौहारों को लेकर की मजिस्ट्रेटों की वीडियो कांफ्रेंसिंग ब्रिफिंग
Deputy Commissioner briefs magistrates through video conferencing regarding festivals

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। दीपावली, काली पूजा एवं छठ पर्व के मद्देनजर उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने रविवार को सभी ड्यूटी में तैनात मजिस्ट्रेटों एवं जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा एवं ब्रीफिंग की। बैठक में उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि दीपावली, काली पूजा एवं छठ पर्व के दौरान शांति, स्वच्छता, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करें और टीम भावना से कार्य करें। उपायुक्त ने कहा कि दीपावली के दौरान किसी भी प्रकार की आगजनी की घटना न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। पटाखे अस्पतालों, भीड़-भाड़ वाले चौक-चौराहों या संवेदनशील स्थलों के पास न छोड़े जाएं। सभी एंबुलेंस रेडी मोड में रहें। किसी भी दुर्घटना या आपात स्थिति की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी जाए। जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय रूप से कार्य करे और किसी भी आपात या संवेदनशील स्थिति पर तुरंत संज्ञान ले। सोशल मीडिया पर किसी भी भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाले पोस्ट की जानकारी मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक मजिस्ट्रेट अपने ड्यूटी प्वाइंट पर संबंधित पुलिस पदाधिकारी के साथ मिलकर कार्य करें। पूजा के बाद विसर्जन स्थल की साफ-सफाई की भी पूर्व तैयारी सुनिश्चित की जाए।घाटों और प्रमुख पूजा स्थलों पर पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम सक्रिय रखा जाए ताकि आमजन को आवश्यक सूचनाएं समय-समय पर दी जा सकें। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि छठ पूजा लोक आस्था का महापर्व है, इसे शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में निरंतर निगरानी रखें, लोगों से संवाद बनाए रखें और जनसहभागिता को प्रोत्साहित करे।



