ब्रजघाट पुलिस चौकी में खड़े कबाड़ वाहनों में लगी आग..
दीपावली पर पटाखे की चिंगारी से हुआ हादसा , दमकल ने आग पर पाया काबू...

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड (यूपी) – जनपद हापुड़ के गढ़ कोतवाली क्षेत्र स्थित ब्रजघाट चौकी परिसर में रखे कबाड़ वाहनों में दीपावली की रात भीषण आग लग गई। पटाखों की चिंगारी से चौकी में खड़े कई सीज वाहन जलकर राख हो गए। दमकल विभाग की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया । हालांकि इस घटना में कोई जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार , दीपावली की देर रात आतिशबाजी के दौरान पटाखों की एक चिंगारी ब्रजघाट पुलिस चौकी परिसर में खड़े वाहनों पर जा गिरी । देखते ही देखते पुलिस चौकी परिसर में खड़े वाहनों में आग फैल गई और आग ने विकराल रूप ले लिया जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई । आग की लपटें काफी तेज थीं । पुलिस चौकी पर तैनात चौकी इंचार्ज इंद्रकांत यादव और अन्य पुलिसकर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास करते हुए तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और पुलिस और दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पडी । आग इतनी भीषण थी कि कई वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। हालांकि, चौकी इंचार्ज इंद्रकांत यादव और चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।



