गाजियाबाद

दीपावली की रात दोस्तों की पार्टी में चली गोली 

एक की मौत, दो गिरफ्तार, पिस्टल बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद के अंकुर विहार थाना क्षेत्र में दीपावली की रात खुशियाँ उस वक्त मातम में बदल गईं जब दोस्तों की पार्टी में हुई गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
घटना दीपावली की रात की है, जब अभियुक्त गोलू के खंडहर पड़े मकान में उसके दोस्त संदीप और इरशाद समेत अन्य साथी पार्टी मना रहे थे। पार्टी के दौरान मस्ती-मजाक के बीच संदीप अपनी पिस्टल लेकर आया था, पिस्टल लोड थी जिसे गोलू चलाना चाहता था। इसी दौरान खींचतान में पिस्टल का ट्रिगर दब गया और गोली वहां मौजूद इरशाद को जा लगी।
गोली लगने से गंभीर रूप से घायल इरशाद को तत्काल दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई आदिल की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। पुलिस टीम की जांच में सामने आया कि हादसे के बाद सभी दोस्त मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए संदीप शर्मा और गोलू को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में प्रयुक्त पिस्टल तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया
अभियुक्तों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि यह गोली दुर्घटनावश आपसी खींचतान में चली थी। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश रॉय ने बताया कि पुलिस टीम की तत्परता से मामला जल्दी ही सुलझा लिया गया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button