बीसीसीएल बरोरा क्षेत्र 1 में अवैध कोयला कारोबार को लेकर दो गुटों में भिड़ंत
Two groups clash over illegal coal trade in BCCL Barora Area 1

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
धनबाद। बीसीसीएल बरोरा एरिया-1 के अंतर्गत मधुबन स्थित कुटकुटिया पट्टी जंगल में अवैध कोयला खनन को लेकर दो गुटों के बीच जमकर झड़प हो गई। बताया जाता है कि कोयला डिपो और खनन स्थल पर कब्जे को लेकर पहले कहासुनी जो बाद में मारपीट में बदल गई।
घटना स्थल खरखरी ओपी और बाघमारा थाना सीमा के बीच आता है, जिससे अक्सर पुलिस कार्रवाई को लेकर भ्रम की स्थिति बनी रहती है। इस दोहरी सीमा का फायदा उठाकर अवैध कारोबारी खुलेआम खनन और कोयले की तस्करी कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, इलाके में तीन पोकलेन मशीनों की मदद से बड़े पैमाने पर कोयला उत्खनन जारी है। धंधेबाज न केवल रात में, बल्कि दिनदहाड़े भी कोयला निकालकर उसकी तस्करी कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यह पूरा कारोबार कतरास क्षेत्र के संचालकों के इशारे पर स्थानीय युवकों से कराया जा रहा है। यही वजह है कि अब स्थानीय युवकों को आपस में भिड़ाकर इन कारोबारियों ने क्षेत्र में तनाव का माहौल बना दिया है। ग्रामीणों ने कहा कि यह क्षेत्र लंबे समय से प्रशासन और बीसीसीएल की लापरवाही का शिकार है। अवैध खनन रोकने के नाम पर कभी-कभी कार्रवाई तो होती है, लेकिन कुछ दिन बाद स्थिति जस की तस हो जाती है। लोगों ने जिला प्रशासन, बीसीसीएल प्रबंधन और पुलिस से संयुक्त अभियान चलाकर अवैध खनन पर स्थायी रोक लगाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।



