बागपत

एक गाँव, एक संकल्प, एक बदलाव 

फैज़पुर निनाना ने दिखाई विकसित उत्तर प्रदेश विकसित भारत @2047 की राह

मॉडर्न पंचायत, मॉडर्न सोच – बागपत की प्रीति देवी ने बना दिया गाँव को भारत का रोल मॉडल
नई दिल्ली में ‘मॉडल यूथ ग्राम सभा’ कार्यशाला में शामिल होंगी बागपत की प्रधान प्रीति देवी —फैज़पुर निनाना को मिली राष्ट्रीय पहचान
राष्ट्रीय कॉफी टेबल बुक में प्रकाशित हो चुकी है सफलता की कहानी; बागपत की पहली ‘मॉडर्न ग्राम पंचायत’ के रूप में दर्ज हुआ नाम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

बागपत  – अगर इच्छाशक्ति हो और नेतृत्व महिला के हाथ में हो तो कोई भी कार्य असंभव नहीं रहता — और इसकी जीती-जागती मिसाल बनी हैं बागपत जनपद की ग्राम पंचायत फैज़पुर निनाना की प्रधान प्रीति देवी। अगर प्रदेश सरकार का ‘मिशन शक्ति’ सच हो रहा है, तो उसका जीवंत उदाहरण यही पंचायत है, जहाँ एक महिला प्रधान ने न केवल विकास की नई परिभाषा लिखी बल्कि डिजिटल युग में ग्रामीण भारत की सोच को दिशा दी है।
फैज़पुर निनाना की प्रधान प्रीति देवी अब राष्ट्रीय मंच पर जिले का प्रतिनिधित्व करने जा रही हैं। उन्हें 30 अक्टूबर 2025 को नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में आयोजित होने वाली मॉडल यूथ ग्राम सभा कार्यशाला के लिए चुना गया है। इस कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को पंचायत शासन में अधिक भूमिका देने, नवाचार को बढ़ावा देने और ग्राम सभाओं को जनसशक्तिकरण के केंद्र के रूप में विकसित करने पर केंद्रित है। प्रीति देवी का चयन न केवल जिले के लिए गर्व की बात है, बल्कि ग्रामीण नेतृत्व की नई दिशा का संकेत भी है।
यह वही प्रीति देवी हैं, जिनकी सफलता की कहानी हाल ही में प्रकाशित राष्ट्रीय कॉफी टेबल बुक में दर्ज की गई थी। अपने नेतृत्व में उन्होंने फैज़पुर निनाना को बागपत की पहली “मॉडर्न ग्राम पंचायत” के रूप में स्थापित किया है। पंचायत ने राज्य युवा पुरस्कार विजेता अमन कुमार के सहयोग से डिजिटल इंडिया के सपने को साकार करते हुए बिना किसी सरकारी फंडिंग के शून्य निवेश में अपनी वेबसाइट लॉन्च की, जिससे ग्राम पंचायत की सभी गतिविधियाँ अब एक क्लिक पर उपलब्ध हैं। वेबसाइट के जरिए ग्रामीण विकास कार्यों, पंचायत की बैठकों, सरकारी योजनाओं और जनहित कार्यक्रमों की पूरी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रोहित धनकड़ ने बताया कि यह ग्राम पंचायत सिर्फ डिजिटल क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि सामाजिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण के क्षेत्र में भी अद्भुत कार्य कर रही है। पंचायत ने शहीद कैप्टन महाराज सिंह अमृत सरोवर का निर्माण कराया, अंतरराष्ट्रीय फिटनेस आइकन रूबल धनकड़ के नाम से खेल मैदान का नामकरण किया, और कांवड़ यात्रा एप जैसी तकनीकी पहल से खुद को आधुनिक पंचायत के रूप में स्थापित किया। इसके अलावा, पंचायत ने डिजिटल लाइब्रेरी, सीसीटीवी कैमरों से सुसज्जित सुरक्षा व्यवस्था, और स्वच्छता अभियान के तहत खुले में शौच मुक्त स्थिति प्राप्त की है।
फैज़पुर निनाना को मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार, निपुण पुरस्कार, स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्टता पुरस्कार और पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा दिल्ली में सम्मानित किया जा चुका है। यह बागपत की पहली ग्राम पंचायत है जिसने 100% वैक्सीनेशन हासिल किया और महामारी के दौरान स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाकर प्रत्येक घर तक चिकित्सा और पौष्टिक आहार पहुंचाया। पंचायत ने गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक भोजन, बच्चों के लिए टीकाकरण, और आंगनबाड़ी केंद्रों में न्यूट्री गार्डन जैसी पहलें कर ग्रामीण जीवन को गुणवत्तापूर्ण बनाया है।
आज फैज़पुर निनाना न केवल एक पंचायत है, बल्कि एक प्रेरणा केंद्र बन चुकी है — जहाँ से यह संदेश जाता है कि परिवर्तन के लिए संसाधन नहीं, संकल्प की आवश्यकता होती है। प्रीति देवी के नेतृत्व में यह पंचायत युवा नेतृत्व, महिला सशक्तिकरण और डिजिटल नवाचार का पर्याय बन चुकी है।
पंचायत राज विभाग के अनुसार, “फैज़पुर निनाना का चयन एक उदाहरण है कि किस प्रकार एक महिला प्रधान ने अपनी प्रतिबद्धता, तकनीकी समझ और सामुदायिक दृष्टि से गाँव को राष्ट्रीय पहचान दिलाई।” ग्राम प्रधान प्रीति देवी कहती हैं, “हमारा उद्देश्य सिर्फ विकास कार्य करना नहीं, बल्कि युवाओं को नेतृत्व के लिए तैयार करना है। हम चाहते हैं कि हर गाँव डिजिटल और आत्मनिर्भर बने। मिशन शक्ति का असली अर्थ तब ही पूरा होगा जब हर महिला अपने गाँव के विकास की धुरी बने।”
वास्तव में, फैज़पुर निनाना की यह कहानी उस नए भारत की झलक है — जहाँ गाँव सिर्फ प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि नवाचार और सामाजिक जागरण के केंद्र बन रहे हैं। इस चयन पर कई ग्राम प्रधानों ने बधाई दी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button