अमरोहा
तिगरी मेले में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर तिगरी गंगा मेले में पहुंच रहे है श्रद्धालु।
"5 नवंबर को मुख्य स्थान,35 से 40 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान।"

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा जनपद गजरौला के ऐतिहासिक तिगरी गंगा मेला मंगलवार से ही विधिवत शुरू हो गया है। यह मेला लगभग दस दिनों तक चलेगा, जिसका मुख्य स्नान 5 नवंबर को होगा।
इस बार मेले में 35 से 40 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है।
मेले में साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर पालिका और पंचायत राज विभाग के 1500 सफाईकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, साफ-सफाई के लिए सात सफाई सेक्टर मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं। जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से सफाई व्यवस्था में सहयोग की अपील की है। तिगरी मेले को छह जोन में विभाजित किया गया है, जबकि यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए चार अलग जोन बनाए गए हैं। गंगा की रेती पर दिखाई दे रहा तंबुओं का शहर पुण्य कमाने की कामना से श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर तिगरी गंगा मेले में पहुंच रहे हैं। सुबह से शाम तक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाला यह गंगा मेला आस्था, श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक है, जो सदियों से चला आ रहा है।
हर घाट पर नाव और गोताखोर किए गए तैनात। इस बार श्रद्धालुओं के गंगा स्नान के लिए 21 गंगा घाट बनाए जाएंगे, जिसमें प्रत्येक सेक्टर के सामने एक घाट होगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रत्येक घाट पर दो नावें और दो गोताखोर तैनात रहेंगे। कुल 21 गंगा घाटों पर 30 नावों और 60 गोताखोरों का इंतजाम किया गया है।



