सिंगरौली
50 करोड़ की विकास गाथा से सरई को बनाएंगे मॉडल नगर परिषद: अध्यक्ष अनुराधा सिंह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। सिंगरौली जिले की नगर परिषद सरई ने विकास के पथ पर तीन सफल वर्ष पूरे करते हुए प्रगति की एक नई इबारत लिखी है। इस अवसर पर नगर परिषद की अध्यक्ष अनुराधा सिंह ने पत्रकार वार्ता आयोजित कर नगर के अब तक हुए कार्यों और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। पत्रकारों का स्वागत करते हुए अध्यक्ष अनुराधा सिंह ने कहा कि “नगर परिषद सरई का विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव व नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के दूरदर्शी नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहा है।”
उन्होंने बताया कि सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम एवं धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम के मार्गदर्शन और देवसर विधायक के अथक प्रयासों से नगर परिषद को करोड़ों रुपये की स्वीकृतियां प्राप्त हुई हैं। अध्यक्ष ने बताया कि नगर परिषद सरई में अब तक लगभग 4 से 5 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 45 करोड़ रुपये के कार्यों के टेंडर ओपन हो चुके हैं एवं ठेकेदारों से अनुबंध की प्रक्रिया भी पूर्ण हो चुकी है। शीघ्र ही ये कार्य भी प्रारंभ हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि कुल ₹50 करोड़ लागत से नगर में सड़कों का सुदृढ़ीकरण, नालियों का निर्माण, पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था, विद्युत प्रकाश व्यवस्था और नगर के सौंदर्यीकरण जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए जा रहे हैं। श्रीमती सिंह ने नगर परिषद उपाध्यक्ष, सभी पार्षदों एवं नगरवासियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “हमारा संकल्प सरई को आदर्श एवं मॉडल नगर परिषद के रूप में स्थापित करना है। आने वाले दो वर्षों में नगर के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।”
उन्होंने यह भी कहा कि नगर परिषद की समस्त योजनाएँ जनसहयोग, पारदर्शिता और सुशासन के सिद्धांतों पर आधारित रहेंगी, जिससे हर नागरिक को विकास का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। पत्रकार वार्ता में वार्ड क्रमांक 1 के पार्षद राघव सिंह, वार्ड क्रमांक 9 के देवशरण बसोर, वार्ड क्रमांक 11 की पार्षद श्यामकली सिंह, वार्ड क्रमांक 12 की श्यामकली जायसवाल, वार्ड क्रमांक 14 के प्रेम सिंह भाटी सहित अन्य पार्षदगण एवं पार्षद प्रतिनिधि महिपाल सिंह, संतोष जायसवाल उपस्थित रहे।



