असम के विश्वनाथ जिले में केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाज की समीक्षा बैठक।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम : भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग तथा श्रम एवं रोजगार विभाग की केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाज ने बुधवार को असम के विश्वनाथ जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तार से समीक्षा बैठक की। उन्होंने जिले में लगभग पच्चीस विभागों के माध्यम से चल रहे केंद्रीय और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तारपूर्वक चर्चा की। विश्वनाथ जिला आयुक्त के सम्मेलन कक्ष में शोणितपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद रंजीत दत्त, विश्वनाथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रमोद बोरठाकुर, बिहाली विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिगंता घाटवाल की उपस्थिति में मंत्री ने चर्चा की कि इन योजनाओं से जनता को किस प्रकार लाभ मिल रहा है। उन्होंने योजनाओं के सही और प्रभावी क्रियान्वयन एवं इनके निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। मंत्री ने समावेशी विकास के माध्यम से विश्वनाथ जिले को आगे बढ़ाने के लिए सरकार की कार्ययोजनाओं की भी जानकारी दी। समीक्षा बैठक के बाद, श्रीमती शोभा करंदलाज ने जिले में चल रही कई योजनाओं का क्षेत्रीय स्तर पर निरीक्षण किया। उन्होंने विश्वनाथ के गलिया जलजीवन मिशन का निरीक्षण किया और बूढ़ीगांव एराबाड़ी ग्राम पंचायत कार्यालय का दौरा कर स्थानीय लोगों से संवाद किया। इसके पश्चात उन्होंने विश्वनाथ घाट (जिसे गुप्तकाशी के नाम से भी जाना जाता है) का निरीक्षण किया। इसके अलावा, मंत्री ने जिले के युवा उद्यमी निलम शैकी के पेपर प्लेट निर्माण उद्योग का भी दौरा किया। विशेष बैठक में शोणितपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद रंजीत दत्त, विश्वनाथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रमोद बोरठाकुर, बिहाली विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिगंता घाटवाल, जिला आयुक्त सीमांत कुमार दास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजागौरान बसुमतारी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लिजा तालुकदार, अतिरिक्त जिला आयुक्त गिरेश डेका एवं असमी बोरगोहांई, सहायक आयुक्त तथा जिले के अन्य विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।




