मेरठ

उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम में नवाचार

आत्मनिर्भरता और स्टार्टअप को मिली नई दिशा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

मेरठ। मेरठ इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में नवाचार, उद्यमिता और आत्मनिर्भर भारत विषय पर एक दिवसीय उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एमआईईटी ई-सेल टीम एवं एमआईईटी इन्क्यूबेशन फोरम के संयुक्त सहयोग से आयोजित हुआ, जिसे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (भारत सरकार) के अंतर्गत एमएसएमई विकास कार्यालय, आगरा द्वारा संचालित किया गया। इस पहल का उद्देश्य छात्रों में उद्यमिता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, नवाचार को प्रोत्साहित करना और आत्मनिर्भर भारत के विज़न को साकार करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो.डॉ एसके सिंह, नैपाल सिंह (आईईडीएस, सहायक निदेशक ग्रेड-1, एमएसएमई – डीएफओ, आगरा) और रेहान अहमद (मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एमआईईटी इन्क्यूबेशन फोरम) की गरिमामयी उपस्थिति रही।
नैपाल सिंह ने विद्यार्थियों को उद्यमिता, एमएसएमई योजनाओं, सरकारी नीतियों एवं व्यवसाय आरंभ करने की प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को स्वावलंबन, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका नैपाल सिंह ने सरल और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन एवं समन्वय ई-सेल टीम और सहायक प्रबंधक संस्कृति शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभिन्न शाखाओं के छात्र-छात्राओं, संकाय सदस्यों तथा इन्क्यूबेशन फोरम से जुड़े कई स्टार्टअप्स ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button