सिंगरौली
शासकीय भूमि पर काबिज भूमिहीन दलित परिवार को बेघर करने का पार्षद पर आऱोप
वार्ड 38 के पार्षद अनिल वैश्य का हैरतन्गेज कारनामा सुर्खियों मे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। केंद्र व राज्य सरकार जहाँ भूमिहीन परिवारों का सर्वे कराकर उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर मुहैया करा रही है तो वहीं शासकीय भूमियो पर काबिज परिवारों को पट्टा देकर मालिकाना हक दे रही है, ऐसे जन कल्याणकारी दौर मे सिंगरौली नगर पालिक निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 38 के कांग्रेस पार्षद अनिल वैश्य का हैरतन्गेज कारनामा सुर्खियों मे हैं पार्षद ने ग्राम ढोंटी मे सामुदायिक व पार्षद भवन बनाने चार पीढ़ियों से शासकीय भूमि पर काबिज व निवासरत दलित परिवार के घर पर ही सर्वे कराकर नपवा दिया। आश्चर्य तो यहाँ है कि जिस स्थान पर सामुदायिक व पार्षद भवन प्रस्तावित है वहाँ पर कुल 8 एकड़ शासकीय भूमि मे तमाम लोगों के काबिज होने के बाद भी ढाई एकड़ रिक्त भूमि पड़ी है लेकिन पार्षद ने ईर्ष्यावश दलित परिवार को बेघर करने कमिश्नर व तहसीलदार को गुमराह कर जबरन दलित के घर को चिन्हित करवाया. पार्षद के हिटलर साही रवैये से चिंतित पीड़ित परिवार निर्माण रुकवाने कलेक्टर सिंगरौली से फरियाद किया है।
बेघर होने से चिंतित परिवार के मुखिया शिव प्रसाद साकेत, नितीश कुमार साकेत, गंगा सागर, इन्द्रेश साकेत, विकास साकेत, राकेश साकेत व रीना साकेत सभी निवासी ढोटी ने कलेक्टर सिंगरौली से मिलकर गुहार लगाया और फरियाद किया कि हमारे घर को गिरने से बचा लीजिये साहब वार्ड पार्षद ने हमारे घर पर सामुदायिक व पार्षद भवन बनवाने ननि व राजस्व टीम से सर्वे व नापी करवा दिए हैं. संवेदनशील कलेक्टर ने पीड़ित परिवार की समस्या को गंभीरता से सुन विधिवत जाँच के लिए सीईओ को लिखा है।
8 एकड़ भूमि मे से कुछ डिसमिल मे चार पीढ़ी से काबिज है परिवार
पीड़ित ने कलेक्टर सिंगरौली से फरियाद करते हुए बताया है कि जिस भूमि पर पार्षद उक्त भवन बनवाने नापी करवाए हैं उस आराजी नंबर 804 पर उसका परिवार घर बना कर पिछले चार पीढ़ी से काबिज हैं. पीड़ितों के अनुसार वहां पर कई नम्बरो की कुल 8 एकड़ शासकीय भूमि मे से बमुश्किल 15 से 20 डिसमिल मे घर बनवा कर कई परिवार निवासरत हैं. प्रस्तावित निर्माण स्थल के आस पास ढाई एकड़ से अधिक की जमीन एक मुश्त व टुकड़ो मे रिक्त है लेकिन पार्षद ने रंजिशन घर को दलित परिवार के घर को ही चिन्हित नापी करवाया है।
दर्जनों रसूकदारों ने अवैध कब्ज़ा कर बनाया घर, सैकड़ो लोगों से वसूल रहे किराया
पीड़ित के अनुसार ग्राम ढोंटी 8 एकड़ शासकीय भूमि पर ऐसे लोगों का कब्ज़ा है जिनके पास 10 से 20 एकड़ भूमि के मालिक है. उन लोगों ने ना केवल भूमि पर कब्ज़ा किया है बल्कि मकान बनाकर सैकड़ो लोगों को किराये पर देकर किराया वसूल रहे हैं. जानकारी के अनुसार 804 नंबर आराजी के सीमा से लगी आराजी क्रमांक 799 में रमेश शाह, राम जियावान शाह, लालजी शाह, रामबाबू शाह, श्यामसुंदर विश्वकर्मा, आरजी क्रमांक 804 में छोटे शाह, रमेश शाह, लालजी शाह, 826 में लालजी शाह, रमेश शाह, रामरतन शाह, लालचन्द्र शाह, पहलवान शाह, 835 में, बाबूलाल शाह आदि ने मकान बनाकर, किराये पर दिया है. इनमें से ज़्यादातर लोग 10 से 20 एकड़ निजी जमीन के पट्टेदार हैं फिर भी शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा किए हैं. आराजी क्रमांक 826, 835 नंबर भी शासकीय भूमियाँ हैं जो रिक्त पड़ी हैं जहाँ सामुदायिक भवन, पार्षद कार्यालय व अन्य इमारतें बनाई जा सकती हैं। लेकिन पार्षद ने दलित परिवार के घर को नपवा दिया।
राजस्व मे दर्ज है आबादी-पटवारी ने सर्बे कर मुख्यमंत्री पट्टा दिए जाने की पूर्ण की है प्रक्रिया
पीड़ित परिवारों के अनुसार आराजी नंबर 804 मे राजस्व के रिकार्ड मे उक्त परिवार का आबादी दर्ज है. इसी के आधार पर हल्का पटवारी ने मुख्यमंत्री पट्टा की पात्रता की प्रक्रिया को पूर्ण भी किया है. गत वर्ष दिनांक 02/10/2021 को राजस्व कलेक्टर सब डिवीजन सिंगरौली तहसील सिंगरौली द्वारा पट्टा प्राप्त करने के लिए आदेश भी हुआ था तथा कुछ दिन बाद नगर आर. आई. सर्किल वैढ़न पटवारी हल्का हर्रई पूर्व में मौके जांच व नक्शा के लिए आए थे और बोले थे कि आप सभी आवेदकगण पट्टा पाने के लिए पात्र हैं । परंतु आज दिनांक तक विभागीय उदासीनता की वजह से पट्टा नही मिला । इस हेतु गत दिनांक 08/05/2025 को भूमिहीन परिवार ने मुख्यमंत्री जी को भी प्रार्थना पत्र भी सौंपा है।
मुख्यमंत्री संजीवनी अस्पताल के बगल मे आरक्षित है सामुदायिक व पार्षद भवन के लिए भूमि
कलेक्टर को सौंपे गये आवेदन मे बताया गया है कि वार्ड 38के ग्राम ढोंटी मे जिस जिस भूमिहीन परिवार के घर पर निर्माण का सर्वे कराया गया है वहीं से महज पचास मीटर की दूरी पर प्रमुख सड़क से लगा मुख्यमंत्री संजीवनी अस्पताल बनाया गया हैं और ठीक उसी के बगल मे सामुदायिक व पार्षद भवन के लिए भूमि आरक्षित थी लेकिन पार्षद ने अपने लोगों का वहां पर निर्माण करवाकर कब्ज़ा करवा है।
आराजी न 835 मे रिक्त पड़ी डेढ़ एकड़ भूमि की हो जाँच
बताया गया कि प्रस्तावित उक्त भवन निर्माण स्थल से सटी हुई आराजी नंबर 835 मे डेढ़ एकड़ एकमुस्त भूमि रिक्त पड़ी है. इसके अलावा भी कई स्थानों पर छोटे छोटे टुकड़ो मे भूमिया रिक्त हैं. पीड़ित परिवार ने ग्राम ढोटी स्थित आराजी खसरा क्रमांक 804, 799, 826, 835 आदि सभी शासकीय भूमियो का मौके से जाँच करवाने की मांग की है।



