अमरोहा

त्रिवेणी चीनी मिल में शुक्रवार को पेराई सत्र 2025-26 का शुभारंभ

 नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
 अमरोहा,रहरा : थाना क्षेत्र के ग्राम चंदनपुर स्थित त्रिवेणी चीनी मिल में शनिवार को पेराई सत्र 2025-26 का शुभारंभ विधि-विधानपूर्वक हवन-पूजन के साथ किया गया। हर वर्ष की भांति इस बार भी पारंपरिक रीति से हवन के पश्चात फीता काटकर 20वें पेराई सत्र की औपचारिक शुरुआत की गई। शुभारंभ समारोह में क्षेत्रीय विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी तथा जिलाधिकारी अमरोहा श्रीमती निधि गुप्ता वत्स मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने कहा कि त्रिवेणी चीनी मिल ने पिछले दो दशकों में किसानों की आर्थिक प्रगति और सामाजिक उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। इसी क्रम में सरकार ने गन्ना मूल्य ₹370 से बढ़ाकर ₹400 प्रति क्विंटल कर दिया है, जिससे गन्ना उत्पादक किसानों में खुशी और उत्साह का माहौल है। गन्ना दर में वृद्धि से मिल क्षेत्र के हजारों किसानों को प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा और उनकी आय में बढ़ोत्तरी होगी।
जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि गन्ना किसानों के हित सर्वोपरि हैं। उन्होंने मिल प्रबंधन को निर्देशित किया कि किसानों का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए और पेराई कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या विलंब न होने पाए। उन्होंने कहा कि मिल का सुचारु संचालन न केवल किसानों के लिए बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति प्रदान करता है।
मिल उपसभापति रामकिशोर सिंह चौहान ने अतिथियों का स्वागत किया तथा बताया कि इस सत्र में मिल द्वारा गन्ना क्रय एवं पेराई प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी तथा तकनीकी रूप से सशक्त बनाया गया है। इस अवसर पर उपाध्यक्ष अमोद कुमार शर्मा, महाप्रबंधक (गन्ना) आर.एस. शेरावत, महाप्रबंधक (प्रक्रिया) टी.एस. राजोरिया, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) अमित सिंह, महाप्रबंधक (यांत्रिक) रवि गुप्ता, जिला गन्ना अधिकारी मनोज कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रमुख किसान जयपाल सिंह तरौली, राजीव त्यागी, मनोज त्यागी, प्रमोद त्यागी सहित बड़ी संख्या में गन्ना उत्पादक उपस्थित रहे। पेराई सत्र के शुभारंभ के साथ ही मिल परिसर में उल्लास और उत्साह का वातावरण छा गया। उपस्थित किसानों ने आशा व्यक्त की कि इस बार गन्ना उत्पादन और भुगतान दोनों बेहतर रहेंगे तथा क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button