ललितपुर
बिरसा मुण्डा की 150वीं जयंती
विहान आवासीय विद्यालय में जनजातीय गौरव पखवाड़े के तहत चल रहे कार्यक्रम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। जनजातीय गौरव और स्वतंत्रता संग्राम के महान प्रतीक भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में, श्रम विभाग के वित्त पोषित समाजशास्त्र विभाग, लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा संचालित विहान बालिका आवासीय विद्यालय में 1 से 15 नवंबर तक विविध कार्यक्रमों की एक भव्य श्रृंखला का शुभारंभ हुआ है। इस जनजातीय गौरव बलिदान और स्वतंत्रता संग्राम पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य विद्यालय की छात्राओं में राष्ट्रभक्ति, आत्म-गौरव और समाज सेवा की भावना को प्रज्वलित करना है।
रंगारंग प्रतियोगिताओं में बनाए आकर्षक पोस्टर
कार्यक्रम श्रृंखला का आगाज विद्यालय की होनहार छात्राओं द्वारा आयोजित रंगोली प्रतियोगिता से हुआ। छात्राओं ने रंगों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही, छात्राओं ने भगवान बिरसा मुंडा का आकर्षक पोस्टर बनाया और चित्रों के माध्यम से उनके जीवन संघर्ष, जंगलों की आजादी की लड़ाई और आदिवासी गौरव को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त, छात्राओं ने निबंध प्रतियोगिता और कला प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन प्रतियोगिताओं के जरिए उन्होंने बिरसा मुंडा के आदर्शों, संघर्ष, समाज सुधार के संदेश और आदिवासी समाज के योगदान को अपने शब्दों और चित्रों के माध्यम से बखूबी व्यक्त किया।
शिक्षकों ने बिरसा मुंडा के जीवन से कराया अवगत
इस दौरान विद्यालय की वार्डन सावित्री ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन परिचय से बच्चों को विस्तार से अवगत कराया। साथ ही, हिंदी शिक्षिका अंकिता, विज्ञान शिक्षिका जागृति, गणित शिक्षिका आकांक्षा, शारीरिक शिक्षिका प्रियंका, कम्प्यूटर शिक्षिका अभिलाषा तथा लेखाकार नेहा ने भी बच्चों को बिरसा मुंडा के महान योगदान और प्रेरणादायी व्यक्तित्व के बारे में जानकारी दी। यह पखवाड़ा आने वाले दिनों में छात्राओं को राष्ट्र और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और बिरसा मुंडा के मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित करेगा।