
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा रहरा थाना क्षेत्र के गांव पोरारा स्थित गंगा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले मेले में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। मेले में लगाए गए स्वास्थ्य विभाग के अस्थाई कैंप में स्वास्थ्यकर्मियों के बजाय एक होमगार्ड मरीजों को दवाइयां देते हुए एक फोटो में नजर आया है। यह फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, गंगा स्नान को लेकर प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु मेला स्थल पर पहुंचते हैं। लोगों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल कैंप की व्यवस्था की थी, ताकि श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार मिल सके। लेकिन फोटो वायरल होने के बाद यह साफ हो गया कि मौके पर तैनात डॉक्टर और फार्मासिस्ट नदारद थे, और स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी होमगार्ड को सौंप दी गई थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मेला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही का जीता-जागता उदाहरण है। फिलहाल फोटो वायरल होने के बाद विभागीय अधिकारी मामले की जांच की बात कह रहे हैं। ग्रामीणों ने जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।


