गाजियाबाद

गली में अवैध कब्जा कर उखाड़ा खडन्जा 

सभासद ने ई ओ से की कार्यवाही की मांग, नगरपालिका की संपत्ति को नुक्सान पहुंचाने का आरोप 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी : नगर पालिका क्षेत्र लोनी के वार्ड नंबर 30 में एक व्यक्ति द्वारा सार्वजनिक गली पर कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त व्यक्ति ने अपनी दबंगई दिखाते हुए गली की जमीन पर लगभग तीन फुट चौड़ाई तक गाटर गाड़कर अपने प्लांट की हदबंदी कर ली है। इतना ही नहीं, उसने नगर पालिका परिषद लोनी द्वारा लगाए गए खड़ंजे को उखाड़ फेंककर वहां अवैध कब्जा जमा लिया है।
इस मामले को लेकर वार्ड 30 के सभासद रूपेंद्र सिंह ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) के.के. मिश्रा को शिकायती पत्र सौंपा है। शिकायती पत्र में सभासद ने उल्लेख किया है कि जवाहर नगर (दक्षिण), ब्लॉक-एफ, नहर किनारे स्थित एक खाली पड़ी जमीन के पश्चिम और दक्षिण दिशा में दो गलियां हैं। नगर पालिका द्वारा इन गलियों का इंटरलॉक निर्माण कराया गया था ताकि क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
लेकिन जमीन स्वामी ने अपनी मनमानी करते हुए गली की सार्वजनिक भूमि पर गाटर गाड़कर तीन फुट चौड़ाई तक अतिक्रमण कर लिया और गली को संकरा बना दिया। सभासद ने शिकायती पत्र में यह भी कहा है कि उक्त व्यक्ति ने नगरपालिका द्वारा बनाए गए खड़ंजे को तोड़कर न केवल सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाई है, बल्कि लोगों के रास्ते को भी बाधित किया है।
सभासद रूपेंद्र सिंह ने ईओ के.के. मिश्रा से तत्काल कार्यवाही की मांग करते हुए कहा कि सार्वजनिक गली से अवैध कब्जा हटवाया जाए और दोषियों से क्षतिग्रस्त खड़ंजे की मरम्मत व नुकसान की भरपाई वसूल की जाए।
आगाज सेवा ट्रस्ट की अध्यक्ष हेमा सिंह ने भी नगर पालिका प्रशासन से अपील की है कि वे गली को कब्जामुक्त कराकर आमजन के रास्ते को पुनः सुचारू बनाएं, ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button