असम में शुरू होगी विकास परियोजनाओं की श्रृंखला
प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह सहित कई केंद्रीय मंत्री करेंगे दौरा।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्वास शर्मा ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आगामी हफ्तों में राज्य का दौरा करेंगे और कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “आने वाले दिनों में असम कई बड़े बड़े राष्ट्रीय नेतृत्व का स्वागत करेगा, जिनमें माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह शामिल हैं, जो राज्य में परिवर्तनकारी परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।” उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं असम को ‘नए भारत’ के अग्रणी राज्यों में शामिल करेंगी। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री दिसंबर में गुवाहाटी हवाई अड्डे के नए टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे और नामरूप में 12 लाख मीट्रिक टन क्षमता वाले यूरिया और अमोनिया संयंत्र की आधारशिला रखेंगे। यह संयंत्र ब्रह्मपुत्र वैली फर्टिलाइजर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BVFCL) परिसर के भीतर स्थापित किया जाएगा। अगले साल जनवरी में प्रधानमंत्री फिर असम आएंगे और ब्रह्मपुत्र नदी पर गुवाहाटी-उत्तर गुवाहाटी पुल सहित कई प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इनमें काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर, सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेसवे और आईआईएम-गुवाहाटी जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। देश के गृह मंत्री अमित शाह दिसंबर के अंतिम सप्ताह या जनवरी के पहले सप्ताह में गुवाहाटी में 5,000 दर्शक क्षमता वाले ज्योति-बिष्णु कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन करेंगे और बटद्रवा में महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव से जुड़े कार्यक्रमों का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा, वे भाजपा के बूथ अध्यक्षों की बैठक को भी संबोधित करेंगे। देश के वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण शुक्रवार को असम पहुँचेंगी। वे जगीरोड़ स्थित सेमीकंडक्टर यूनिट में कार्यरत युवाओं से संवाद करेंगी और ब्रह्मपुत्र पर बने शिप टर्मिनल और रिवरफ्रंट परियोजना का उद्घाटन करेंगी। 8 नवंबर को वे गोहपुर जाकर शहीद कनकलता बरुआ राज्य विश्वविद्यालय की नींव रखेंगी, जिसके विकास पर 400 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 9 नवंबर को गुवाहाटी आएंगे और भारतीय वायुसेना के 93वें स्थापना दिवस पर आयोजित हवाई प्रदर्शन में शामिल होंगे, जिसमें वायुसेना के लड़ाकू और परिवहन विमानों का प्रदर्शन किया जाएगा।



