ललितपुर
राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री ने किया संबोधित
डाक टिकट व सिक्के का अनावरण कर वंदे मातरम 150 वेबसाइट का किया शुभारंभ
महापुरुषों की प्रतिमाओं पर किया गया माल्यार्पण
ललितपुर। राष्ट्रवाद के अग्रदूत बंकिमचंद्र चट्टोपाध्यायजी द्वारा वर्ष 1875 में रचित राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वंदे मातरम के सामूहिक गायन एवं स्वदेशी का संकल्प कार्यक्रम मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में लखनऊ में आयोजित किया गया। इसका सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम सत्य प्रकाश के नेतृत्व में दिखाया गया। इस दौरान राज्यमंत्री मनोहर लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण, नपाध्यक्ष सोनाली जैन, सांसद प्रतिनिधि, एमएलसी प्रतिनिधि उपस्थिति में राष्ट्रगीत वंदे मातरम का सामूहिक गायन कर प्रधानमंत्री का उद्बोधन देखा गया। प्रधानमंत्री ने वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर एक सिक्का और डाक टिकट का अनावरण कर वंदे मातरम की वेबसाइट का बटन दबाकर शुभारंभ किया। डॉक्यूमेंट्री के माध्यम बताया गया कि वर्ष 2025 में हमारे राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं। शासन द्वारा पूरे देश में 7 नवम्बर 2025 से 7 नवम्बर 2026 तक चार चरणों में वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष को भव्यता पूर्ण ढंग से मनाया जायेगा। प्रथम चरण 07 से 14 नवम्बर 2025 तक, द्वितीय चरण 19 से 26 जनवरी, 2026 तक, तृतीय चरण 07 से 15 अगस्त, 2026 तक और चतुर्थ चरण 01 से 07 नवम्बर, 2026 तक मनाया जाएगा। सजीव प्रसारण के अलावा शैक्षणिक संस्थानों में सामूहिक रूप से सुबह वंदे मातरम का गायन कर उसके ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व से विद्यार्थियों को अवगत कराया। साथ ही महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान सीडीओ, एडीएम नमामि गंगे, डीसी मनरेगा, डीडीओ, पीडी डीआरडीए, एसडीएम, प्रोबेशन अधिकारी, डीपीओ, डीआईओ, दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।



